
लॉकडाउन में फंसे बंजारों केलिए देवदूत बनकर पहुँचे जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: लॉक डाउन के कारण रोज कमाने खाने वालों की स्थिति ज्यादा दयनीय हो गयी है। इन गरीब जरूरतमन्दों की मदद में कई स्वयंसेवी संस्थाएं आगे आ रही हैं और सरकारी सहायता भी प्रदान की जा रही है। पर ऐसे में एक समूह ऐसा भी था जिसे कोई सहायता नही मिल रही थी। दरअसल बहेड़ी के समधपूरा में जुड़िया चौक के निकट करीब दर्जन भर बंजारों केलिए गुरुवार को देवदूत बन कर अपनी टीम के साथ पहुँचे जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव दीपक कुमार।
बताते चलें कि कोरोना महामारी से जारी जंग में पहली बार जिला विधिक सेवा प्राधिकार अपनी सुरक्षा की चिता छोड़ अपनी नाम की सार्थकता चरितार्थ कर रहा है। लॉकडाउन की घोषणा बाद से लगातार प्राधिकार की ओर से विभिन्न जगहों पर जरूरतमंद लोगों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है। प्राधिकार के सचिव सह अवर न्यायाधीश दीपक कुमार ने गुरुवार को बहेड़ी प्रखंड के समधपुरा पंचायत स्थित जुड़िया चौक पर रह रहे उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश के मजदूरों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने व उनका हाल-चाल लेने पहुंच गए। प्राधिकार के विधिक स्वंय सेवक प्रेमनाथ सिंह द्वारा व्हाट्सएप पर भेजे गए वीडियो क्लीपिग के आलोक में उसकी सत्यता एवं वैद्यता की जानकारी ली। इस दौरान वहां रह रहे बंजारो के वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद कुमार ने पाया कि वहां रह रहे लगभग 45-50 बंजारे, जो अपना घर-परिवार छोड़कर वास्तव में उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं तथा अपनी जीविकोपार्जन के लिए दरभंगा आए थे, लॉकडाउन के कारण यहां फंस गए। उनकी वास्तविक स्थिति काफी दयनीय है। इनलोगों का आवासीय शिविर भी आंधी-तूफान के कारण क्षत-विक्षत हो गया है। ये बंजारे अभी तक इधर-उधर से मांग कर अपनी जीविकोपार्जन कर रहे थे। लेकिन, अब राशन के अभाव में इनके जीवन पर संकट उत्पन्न हो गया है। इनलोगों के पास ना तो कोई राशन कार्ड है और ना ही इनको कोई सरकारी सुविधा का लाभ मिल रहा है। कुमार ने अंचल अधिकारी बहेड़ी को निर्देशित किया कि वे अविलंब वहां रह रहे लोगों के शिविर के लिए पॉलीथीन
तथा आवश्यकतानुसार राशन की व्यवस्था करें। मौके पर अधिवक्ता विष्णुकांत चौधौरी, पैरा लीगल वालंटियर प्रेमनाथ सिंह, रंजय कुमार, इमामुद्दीन, अंचल अधिकारी बहेड़ी विमल कुमार कर्ण, थाना प्रभारी बहेड़ी राजन कुमार एवं अन्य लोग मौजूद थे।

