
पंचायतों में जनोपयोगी योजनाएं शुरू करके अधिकाधिक मजदूरों को दें रोजगार: डीएम।
दरभंगा: डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने जिले में पदस्थापित सभी मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों को उनके प्रखंड क्षेत्रान्तर्गत सभी पंचायतों में जनोपयोगी योजनाएं शुरू करने को कहा है, जिसमें अधिकाधिक स्थानीय व अप्रवासी मजदूरों को रोजगार मिले।
डीएम ने कहा है कि कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए देशभर में लागू डॉकडाउन के चलते असंगठित सेक्टर में कार्य करने वाले मजदूरों की मजदूरी बंद हो गई है। इसलिए ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा योजना के तहत अधिक से अधिक जनोपयोगी योजनाओं का चयन कर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाये। इसका मुख्य उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा मानव श्रम बल का सृजन करना है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों में थोड़ी वृद्धि हो सके। उन्होंने ये बातें शनिवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में कही।
डीएम ने कार्य प्रगति की समीक्षा के क्रम में सभी मनरेगा पीओ को निर्देश दिया है कि मस्टर रॉल के संधारण में पूरी पारर्दिशता बरती जाये। मनरेगा योजना के तहत अधिकाधिक स्थानीय, अप्रवासी इच्छुक मजदूरों को नया जॉब कार्ड निर्गत किया जाये। यह भी निर्देशित किया गया कि अबतक जितना मानव दिवस सृजित हो चुका है, उस सबका भुगतान निश्चित रूप से इस सोमवार को कर दिया जाये। इसके साथ ही आगे से भुगतान की कार्रवाई पाक्षिक के बदले साप्ताहिक स्तर पर किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लॉकडाउन अवधि में 20 अप्रैल से ग्रामीण आर्थिक गतिविधियां संचालित करने की छूट प्रदान
की गई है ताकि लॉकडाउन के चलते बंद पड़े कल-कारखानों व उद्योगों के श्रमिकों को काम मिले और वे अपने जीविकोपार्जन के साधन जुटा सकें। उन्होंने कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन प्रगति की दैनिक समीक्षा की जायेगी।

