Home Featured चोरी छिपे दिल्ली से दरभंगा पहुंचे व्यक्ति को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार रहा गर्म।
Featured - मुख्य - April 26, 2020

चोरी छिपे दिल्ली से दरभंगा पहुंचे व्यक्ति को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार रहा गर्म।

दरभंगा: जिले में अभी तक आधिकारिक रूप से एक भी कोरोना पॉजिटिव मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। फिर भी लोग तरह के कयासों को लगाते रहते हैं। सोशल मीडिया में भ्रांतियां भी फैलती रहती हैं। रविवार को भी प्रशासन द्वारा ऐहतियातन उठाये गए कदम से दिन भर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।
दरअसल दिल्ली से चोरी-छिपे दरभंगा पहुंचे नगर थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले के व्यक्ति को लेकर रविवार को शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। दरअसल यह व्यक्ति दिल्ली से एम्बुलेंस पर सवार होकर 23 अप्रैल को शोभन तक पहुंचा था। वहां से रिक्शे पर सवार होकर वह अपने घर पहुंचा था।
उसके दरभंगा पहुंचने की गुप्त सूचना मिलने पर प्रशासन ने उसे 24 अप्रैल को डीएमसीएच के आइसोलेशन वार्ड में भेजा था। इसके बाद जांच के लिए उसके सैंपल को माइक्रोबायोलॉजी विभाग में भेजा गया था। सूत्रों के अनुसार रविवार को उसकी जांच रिपोर्ट को विशेषज्ञों की राय के लिए पटना स्थित राजेन्द्र मेडिकल रिसर्च इंस्टीट्यूट भेजा गया है। एहतियात के तौर पर उसे डीएमसीएच के बीएससी नर्सिंग कॉलेज स्थित आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। जिस रिक्शे से शोभन से वह दरभंगा पहुंचा था, उसके चालक की तलाश कर उसे भी डीएमसीएच पहुंचाया गया। रिक्शाचालक को भी बीएससी नर्सिंग स्कूल के आइसोलेशन वार्ड में एहतियात के तौर पर रखा गया है। सूत्रों के अनुसार जिले के दो अलग-अलग गांवों के रहने वाले दो लोगों को भी इसी वार्ड में रखा गया है। अस्पताल अधीक्षक डॉ. राज रंजन प्रसाद ने बताया कि अभी तक कोरोना के एक भी मरीज की पुष्टि नहीं हुई है। क्योंकि वह व्यक्ति दिल्ली से आया था, इसे देखते हुए उसे एहतियात के तौर पर अलग रखा गया है। पटना से उसकी जांच रिपोर्ट आने का इंतजार है। वहीं दूसरी ओर डीएमसीएच के फ्लू कॉर्नर में रविवार को 41 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमे से जांच के लिए दो लोगों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।

Share