Home Featured अब नही चलेगा एम्बुलेंस के बहाने जिला में अनाधिकृत प्रवेश, मालवाहकों की भी होगी सघन चेकिंग।
Featured - मुख्य - April 27, 2020

अब नही चलेगा एम्बुलेंस के बहाने जिला में अनाधिकृत प्रवेश, मालवाहकों की भी होगी सघन चेकिंग।

दरभंगा: दरभंगा जिला की सीमा सील होने के वावजूद अनाधिकृत रूप से सीमा में वाहन का प्रवेश हो रहा है। इसमें अनाधिकृत रूप से एम्बुलेंस के सहारे भी लोगो का प्रवेश होने की बात सामने आयी है। परंतु अब कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद जिला प्रशासन ने कमर कस ली है।
डीएम व एसएसपी ने सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि लॉकडाउन का उल्लंघन कर अनधिकृत तौर पर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले सभी वाहनों, एम्बुलेंस आदि को जब्त कर वाहन मालिक के विरुद्ध एपिडेमिक डिजीज एक्ट एवं आपदा अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाये।
कहा है कि सभी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी पूरी सतर्कता बरतें एवं सभी वाहनों की सघन चेकिंग करायी जाये। दोनों अधिकारियों ने कहा कि सक्षम प्राधिकार की अनुमति प्राप्त किये बगैर कोई भी वाहन जिले की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा। एम्बुलेंस, मालवाहक वाहन आदि में भी छद्म रूप धारण कर राज्य के बाहर से लोगों के आने की शिकायतें प्राप्त हो रही हैं। इसलिए सभी वाहनों की सघन चेकिंग की जाये। अनधिकृत वाहन परिचालन के मालिक पर मुकदमा दर्ज कर वाहन सवार सभी लोगों को क्वारंटाइन किया जाये। क्वारंटाइन सेन्टर में ही उन लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जाये। उन्होंने ये बातें सोमवार को समाहरणालय के कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक में कही।
उन्होंने कहा कि कोरोना के संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कराने के लिए केन्द्र सरकार द्वारा विस्तृत गाइडलाइन जारी की गयी है। उक्त गाइडलाइन के अनुसार संदिग्ध व्यक्तियों के सैंपल कलेक्ट कर जांच की जाए। उन्होंने कहा है कि गांव-मुहल्ले में रह रहे लोगों में किसी के बीमार होने की सूचना प्राप्त होती है तो तुरंत उन्हें चिकित्सीय सुविधा उपलब्ध करायी जाये। इसके लिए सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों को चार-चार वाहन उपलब्ध कराये गये हैं। इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। सभी एमओआईसी बीमार व्यक्तियों को घर पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायेंगे। क्वारंटाइन सेन्टर में आवासित व्यक्तियों को सभी जरूरी सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई जा रही है। बैठक में सिटी एसपी योगेन्द्र कुमार, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, सहायक समाहर्ता विनोद दूहन, सिविल सर्जन, सभी एसडीओ, एसडीपीओ, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।

Share