
लॉकडाउन में दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से पांच लाख की लूट ने पुलिस के दावों पर लगाया प्रश्नचिन्ह!
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: लॉकडाउन जारी है और दरभंगा में भी पॉजिटिव मरीज मिल जाने के पुलिस की सतर्कता और बढ़ा दी गयी है। जगह जगह सड़को पर पुलिस खड़ी है और गश्ती भी जारी है। ऐसे में दिनदहाड़े अपराधियो द्वारा पांच लाख की लूट को अंजाम देना निश्चित रूप से पुलिस के दावों पर बड़ा प्रश्नचिन्ह लगाता नजर आता है।
घटना जिले के घनश्यामपुर थाना क्षेत्र में बंगरहट्टा के निकट की है, जहाँ मंगलवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने ग्राहक सेवा केन्द्र (सीएसपी) संचालक से पांच लाख रुपए लूट लिये।
घटना के सम्बंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार नारी गांव के सीएसपी संचालक मोहम्मद हसनैन निकटवर्ती सुपौल जिले के सुपौल बाजार स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा से पांच लाख पचास हजार रुपए की निकासी कर अपने गांव वापस जा रहे थे। बंगरहट्टा के निकट बाइक सवार एक अपराधी ने ओवरटेक करते हुए पुल पर हसनैन की गाड़ी को टक्कर मार दी। हसनैन हादसे के कारण रूक गए तभी पुल पर पूर्व से घात लगाये दो अन्य लुटेरों ने हथियार का भय दिखाकर उनसे रुपए भरा बैग छीन लिया और फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। इसके बाद सिटी एसपी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक आदि भी पहुंचे। एसएसपी
बाबूराम ने बताया कि बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे और बाजारों में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की मदद से जानकारी इकट्ठा की जा रही है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।

