
कोरोना पॉजिटिव मिलने का शहर में दिखा असर, लॉक डाउन का सख्ती से पालन करवाने में जुटी पुलिस।
दरभंगा: पुलिस प्रशासन लगातार सख्ती से लॉकडाउन का पालन करवाने में जुटी रही। फिर भी लोग सड़क पर निकलते नजर आ जाते थे। पर सोमवार को कोरोना पॉजिटिव की खबर आते ही मंगलवार को इसका असर दिखा और शहरी क्षेत्र में ज्यादातर लोग खुद ही घरो में कैद रहे।
बताते चलें कि नगर थाना क्षेत्र में एक कोरोना मरीज पाए जाने के दूसरे दिन मंगलवार को पुलिस लॉकडाउन को सख्ती से पालन कराने में जुटी रही। वार्ड संख्या 20 और 21 के सभी मोहल्लों को पूरी तरह से सील कर दिया गया। साथ ही जगह-जगह की गई बैरिकेडिग के पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। लाउडस्पीकर से लोगों को अपने घरों में रहने की पूरे दिन अपील की गई। नगर एसपी योगेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, ट्रैफिक डीएसपी बिरजू पासवान, थानाध्यक्ष सत्यप्रकाश झा सहित कई पुलिस पदाधिकारी सील किए गए मोहल्ला का भ्रमण कर जायजा लेते रहे। तैनात पुलिस कर्मियों को पूरी सख्ती के साथ ड्यूटी करने को कहा गया। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी गई। उक्त दोनों वार्डों को सील करने की सूचना से पूरे शहर के लोग अचानक जागरूक हो गए। देखते ही देखते दर्जनों मोहल्ला को लोगों ने बांस-बल्ला से घेर दिया। इधर, पूरे शहर में पुलिस ने बाइक से फ्लैग मार्च कर लॉकडाउन का सख्ती से पालन करने का आह्वान किया। इस दौरान बेवजह भ्रमण करते पकड़े गए लोगों पर पुलिस ने जमकर लाठियां चटकाई। हालांकि, अन्य दिनों से आज लोगों में काफी डर देखने को मिला। लोग अपने घरों में ही दुबके रहे। शहरी क्षेत्र के लहेरियासराय, नगर, कोतवाली, बेंता, विश्वविद्यालय थाना क्षेत्रों में पुलिस की चाक-चौबंद
व्यवस्था देख कर मटरगश्ती करने वाले लोग अपने घरों से बाहर निकलना मुनासिब नहीं समझ रहे थे। इस दौरान पूरे जिले में 156 बाइक चालकों को पकड़ा गया। जिससे लगभग दो लाख रुपये जुर्माना वसूले गए। वहीं 42 लोगों को मास्क इस्तेमाल नहीं करने के आरोप में पकड़ा गया।

