
पुलिस ने पांच अपराधियों को गिरफ्तार करके किया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश।
दरभंगा: बिरौल थाना की पुलिस ने गुरुवार को पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश कर दिया। इन लोगों के पास से चोरी की पांच बाइक भी बरामद की गई है। नगर एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि 28 अप्रैल को पोखराम में गुप्त सूचना पर देकुली से चोरी की गई बाइक के साथ दो लोगों को दबोचा गया था। इसमें समस्तीपुर जिले के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र स्थित दसौत निवासी प्रमोद कामती का पुत्र शिवम कामती मुख्य आरोपित पाया गया। दूसरा बिरौल थाना क्षेत्र के बैरमपुर निवासी गणेश राय के पुत्र इंद्रजीत राय उर्फ मुसो पाया गया। दोनों के निशानदेही पर पुलिस ने कमलपुर स्थित राजेन्द्र सिंह के मकान में किराया पर खोले गए गैरेज में छापेमारी की। जहां से घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के गोई मिश्र लगमा निवासी मो कमरुल के पुत्र मो. इस्लाम को सोए हुए अवस्था में दबोच लिया गया। सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने बाइक चोरी की घटना में शामिल होने की बात कही। शिवम के साथ मिलकर उसने चार जगहों से बाइक चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिसे समस्तीपुर जिला के सिघिया थाने के हरिपुर के अपने साथी मो. सलाम के हाथों तीन बाइक बेचने और एक बाइक कमलपुर निवासी कन्हैया उर्फ दुर्गानंद के घरों में छुपाकर रखने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने कन्हैया के घर छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से चोरी की बाइक को बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सिघिया थाने की पुलिस के सहयोग से मो. सलाम के घर पर छापेमारी की। जहां उसके घर से बोरा और चादर से छुपाकर रखे गए तीन बाइक को बरामद किया गया। पुलिस ने सलाम को मौके से दबोच लिया।
सिटी एसपी ने बताया कि चोरी की बरामद की बाइक के मालिकों की खोज की जा रही है। उन्होंने छापेमारी टीम में
शामिल पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को पुरस्कृत करने की बात कही। मौके पर एसडीपीओ दिलीप कुमार झा, बेनीपुर एसडीपीओ उमेश्वर चौधरी, सहायक थानाध्यक्ष किशोर कुणाल झा आदि पुलिस पदाधिकारी मौके पर मौजूद थे।

