
मंगलवार को कोटा एवं त्रिचूर से दरभंगा पहुंचेगी दो ट्रेनें, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: राजस्थान के कोटा व केरल के त्रिचूर से चल चुकी ट्रेन दरभंगा जंक्शन पर मंगलवार की सुबह क्रमशः छह बजे एवं अपराह्न दो बजे पहुंचेगी। दरभंगा पहुंचने वाले बिहारी अप्रवासियों के स्वागत एवं सुविधा को लेकर सोमवार को डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, एसएसपी बाबू राम, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, डीटीओ रवि कुमार, रेल एसपी अशोक कुमार सिंह सहित दर्जनों रेल व जिला प्रशासन के अधिकारियों ने तैयारी का जायजा लिया।
जंक्शन परिसर में सभी जिलों के लोगों के लिए अलग-अलग तंबू-टेंट का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है। सोमवार की देर शाम तक सभी टेंट तैयार हो जाएंगे। परदेसियों के लिए नाश्ता व भोजन की व्यवस्था भी जिला प्रशासन की ओर से की जा रही है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बाहर से पहुंचने वाली ट्रेनों के प्रत्येक कोच के समक्ष तीन जवान तैनात रहेंगे। प्रत्येक कोच से बारी-बारी से यात्रियों को बाहर निकाला जाएगा। प्लेटफॉर्म पर निकलते ही सभी यात्रियों को कतारबद्ध किया जाएगा। इसके बाद सभी यात्रियों को उनके संबंधित जिले के टेंट में सुरक्षा के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पहुंचाया जाएगा। टेंट में पहुंचने वाले सभी यात्रियों का नाम- पता वहां मौजूद अधिकारी के समक्ष रजिस्टर में दर्ज होगा फिर उनके लिए नाश्ता व भोजन परोसा जाएगा। इसके बाद उन्हें संबंधित बसों में बैठाकर
उनके जिला मुख्यालय के लिए रवाना किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि बच्चों को होम कवारेंटाईन में भेजा जाएगा जबकि अन्य लोगों को क्वारेंटाइन केंद्रों में रखा जाएगा।

