Home Featured 80 प्रतिशत फैल्योर ट्रांजैक्शन वाले राशन कार्डधारियों को सहायता राशि मिलने का मार्ग हुआ प्रशस्त।
Featured - मुख्य - May 4, 2020

80 प्रतिशत फैल्योर ट्रांजैक्शन वाले राशन कार्डधारियों को सहायता राशि मिलने का मार्ग हुआ प्रशस्त।

दरभंगा: विश्वव्यापी महामारी कोरोना वायरस की रोकथाम हेतु देशभर में लॉक डाउन लागू है। ऐसे में सरकार द्वारा एक माह का मुफ्त राशन एवं एक हजार रूपए की सहायता राशि डीवीटी के माध्यम से पात्र लाभार्थियों के खाते में सीधे भेजी जा रही है। लेकिन डाटा मिसमैच होने के चलते ट्रांजैक्शन के क्रम में जिला के 286054 लाभार्थियों का ट्रांजैक्शन फेल बताया गया है।
जिलाधिकारी डॉ० त्यागराजन एसएम के द्वारा लगातार गहन अनुश्रवण किए जाने के उपरांत 90 प्रतिशत से अधिक मिसमैच डाटा का मिलान पूरा हो गया है। और मंगलवार तक और 5% डाटा का सत्यापन होने की संभावना है। इस प्रकार सहायता राशि प्राप्त करने से वंचित रहे अधिक से अधिक लाभार्थियों को एक हजार रुपए की सहायता राशि मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है और बचे हुए मिसमैच डाटा का भी फिजिकल सत्यापन कर ईपीडीएस पोर्टल पर इंट्री करा देने का निर्देश दिया है।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि 6 मई तक पीडीएस डीलर के बायोमेट्रिक सत्यापन पर छूटे हुए राशन कार्डधारियों को अप्रैल माह का नियमित एवं मुफ्त खाद्यान्न का वितरण किया जाएगा।
ज्ञात हो कि पॉस मशीन से खाद्यान्न वितरण करने में तकनीकी त्रुटि के चलते कई राशन कार्ड धारियों को खाद्यान्न की प्राप्ति नहीं हो सकी थी। इसी को देखते हुए खाद्य एवं उपभोक्ता विभाग द्वारा छुटे हुए राशन कार्डधारियों को पीडीएस डीलर के पहचान पर ही खाद्यान्न का वितरण करने के लिए 2 दिनों का अतिरिक्त समय प्रदान किया गया है।
जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि कोरोना महामारी के संकट के समय में गरीब एवं बेसहारा लोगों को हर संभव सहायता पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
इसीलिए सरकार द्वारा घोषित सभी प्रकार की सहायता उपयुक्त व्यक्तियों तक पहुंचाने में सभी अधिकारी कंधे से कंधे मिलाकर कार्य कर रहे हैं।

Share