Home Featured पांच अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने किया सीएसपी लूटकांड के उदभेदन का दावा।
Featured - मुख्य - May 5, 2020

पांच अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने किया सीएसपी लूटकांड के उदभेदन का दावा।

देखिये वीडियो भी।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: लॉकडाउन में सख्त पुलिसिंग के बीच दिनदहाड़े सीएसपी संचालक से साढ़े पांच लाख की लूट ने पुलिस केलिए प्रतिष्ठा का प्रश्न बना दिया था। लॉकडाउन में जगह जगह पुलिस की तैनाती और गश्ती के बाबजूद दिनदहाड़े इस लूट से पुलिस की बहुत किरकिरी हो रही थी। मंगलवार को वरीय पुलिस अधीक्षक ने कांड के उदभेदन का दावा प्रेस वार्ता में किया है। हालांकि साढ़े पांच लाख में से 22 हजार की बरामदगी ही हुई है।

पुलिस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के बंगरहट्टा में सीएसपी संचालक से साढ़े पांच लाख रुपये हुई लूट मामले को अंतरराज्यीय गिरोह ने अंजाम दिया था। पुलिस ने पांच बदमाशों को दबोचकर पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया है। हालांकि, यूपी के तीन बदमाश अब भी पुलिस गिरफ्त से बाहर है, जिसे पकड़ने के लिए पुलिस कई ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। एसएसपी बाबू राम ने बताया कि 28 अप्रैल को लाल रंग की अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाश हथियार के बल पर बंगरहटा-बिरौल हाटगाछी पथ स्थित एक पुलिया के पास नारी गांव में संचालित सीएसपी संचालक मो. इकबाल के भाई मो. हसनैन से साढ़े पांच लाख रुपये लूटकर फरार हो गए थे। सूचना पर स्वयं उन्होंने मामले की जांच की और नगर एसपी योगेंद्र कुमार के नेतृत्व में बिरौल और बेनीपुर एसडीपीओ क्रमश: दिलीप कुमार झा और उमेश्वर चौधरी, तकनीकी सेल के रामबाबू राय, धनंजय और राजीव रंजन के साथ एक टीम गठित कर छापेमारी करने का आदेश दिया। इस दौरान बहेड़ा और घनश्यामपुर थाना सहित सहरसा जिले के सतौर ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर पांच बदमाशों को पकड़ा गया। इसमें बहेड़ा थाना क्षेत्र के मोतीपुर निवासी जागे यादव के पुत्र रामउदगार यादव उर्फ मुन्ना, बेनीपुर दीपाटोल निवासी योगेंद्र यादव के पुत्र सुशील यादव और विकास यादव, घनश्यामपुर थाना क्षेत्र के कुमई निवासी जहुरीलाल यादव के पुत्र विनोद यादव सहित सहरसा जिले के डरहार ओपी क्षेत्र के सतौर निवासी मो. रहिम शामिल हैं। जबकि, फरार बदमाशों में यूपी के इटावा जिले के जसंवतनगर निवासी रविकांत राजपूत, मुकेश कुमार और सुनील कुमार शामिल हैं। एसएसपी ने बताया कि पकड़ा गया रामउदगार और फरार यूपी के रविकांत राजपूत गिरोह का संयुक्त सरगना है। इन लोगों के पास से चोरी की सात बाइक, एक मारूती इको कार, लोडेड देसी पिस्तौल, पांच मोबाइल और एक चाकू बरामद किया गया है। साथ ही सीएसपी संचालक से लूट गए बैग को रामउदगार के पास से बरामद किया गया है। हालांकि, बैग से साढ़े पांच लाख रुपये की जगह मात्र 28 हजार रुपये मिले। शेष राशि पकड़े गए और फरार बदमाशों के बीच बंटवारा कर लिए जाने की बात कही गई है। इसमें दो लाख 27 हजार एक सौ रुपये यूपी के फरार तीनों बदमाशों ने बेनीपुर के एक सीएसपी संचालक के माध्यम से अपने विभिन्न बैंक खातों में जमा कर दिया। यह जानकारी मिलते ही पुलिस ने सभी खातों को फ्रिज कर दिया है। ताकि, उन राशियों की निकासी कर सीएसपी संचालक को मुहैया कराया जा सके।

Share