Home Featured प्रवासी मजदूरों के लगातार आगमन को देखते हुए खोले जाएंगे अतिरिक्त आपदा राहत केंद्र।
Featured - मुख्य - May 13, 2020

प्रवासी मजदूरों के लगातार आगमन को देखते हुए खोले जाएंगे अतिरिक्त आपदा राहत केंद्र।

दरभंगा: देशभर में लागू लॉकडाउन के बीच जिले में प्रवासी मजदूरों के लगातार आगमन को देखते हुए जिले में अतिरिक्त आपदा राहत केन्द्र संचालित करने की आवश्यकता बढ़ गई है। डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम व एसएसपी बाबू राम ने बुधवार को जिले में अतिरिक्त आपदा राहत केन्द्र संचालित करने को नगर निगम क्षेत्र में अवस्थित विभिन्न भवनों का निरीक्षण किया। इसमें मिथिला विश्वविद्यालय अन्तर्गत बहुउदेशीय भवन, लॉ कॉलेज व श्यामा मंदिर परिसर में अवस्थित विवाह भवन आदि शामिल है। ये सभी भवन आपदा राहत केन्द्र संचालन के लिए उपयुक्त पाये गये हैं। जिला प्रशासन द्वारा आपदा प्रावधानों के तहत उक्त भवनों का अधिग्रहण करने की कार्रवाई की जा रही है। सदर अंचलाधिकारी को संबंधित भवनों के प्रभारी पदाधिकारी को विधिवत अधियाचना भेजने का निर्देश दिया गया है। इसके पूर्व डीएम व एसएसपी ने एमएलएसएम कॉलेज में पूर्व से संचालित आपदा राहत केन्द्र एवं हैरो इंगलिश स्कूल में संचालित क्वारंटाइन केन्द्र का निरीक्षण किया। एमएलएसएम कॉलेज राहत केन्द्र में जिले के बाहर से आये प्रवासियों को भोजन एवं अल्प विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। यहां से उन लोगों को संबंधित प्रखंड व विलेज क्वारंटाइन केन्द्रों में भेजा जाता है। एमएलएसएम कॉलेज राहत केन्द्र एवं हैरो इंगिलश स्कूल क्वारंटाइन केन्द्र में सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त पाई गई हैं। डीएम व एसएसपी ने एमएलएसएम केन्द्र एवं हैरो इगलिश स्कूल में ठहरे प्रवासियों से भोजन, आवासन, सफाई, स्वास्थ्य परीक्षण, पुलिस पदाधिकारियों द्वारा नियमित विजिट किये जाने आदि के बारे में जानकारी ली। सभी प्रवासियों ने खाने-पीने, आवासन, सुरक्षा आदि की अच्छी व्य्वस्था उपलब्ध होने की बात कही। साथ ही खाने के मेन्यू में परिवर्तन करने का अनुरोध किया।

डीएम ने डीपीओ मध्याह्न भोजन योजना सह नोडल पदाधिकारी संजय देव कन्हैया को क्वारंटाइन केन्द्रों में चावल के साथ रोटी भी सर्व कराने का निर्देश दिया। इस अवसर पर सदर एसडीओ, एसडीपीओ, सदर सीओ एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Share