
महापौर ने किया नगर निगम के गोदाम का औचक निरीक्षण, कार्यरत कर्मियों का जाना हाल।
दरभंगा: महापौर वैजयंती खेड़िया ने बुधवार की सुबह नगर निगम के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में महापौर के साथ पार्षद अजय जालान, शशि पटेल, सिटी मैनेजर नागमणि सिंह सहित अन्य पार्षद भी उपस्थित थे।
महापौर ने जोन प्रभारी, सफाई कर्मचारी, जमादार आदि से बात कर उनकी समस्यायों को जाना। कर्मचारियों ने मशीन खराब रहने, साबुन, ब्लीचिंग पाउडर आदि की समस्याएं बतायी। महापौर ने इन समस्याओं के तत्काल समाधान का अधिकारियों को निर्देश दिया। श्रीमती खेड़िया ने बताया कि कोविड-19 से उत्पन्न इस विषम परिस्थिति में जिस लगन और तत्परता से निगम कर्मचारी कार्य कर रहे हैं वह अनुकरणीय है। उन्होने कर्मचारियों को रेलवे स्टेशन तथा क्वारंटाइन सेंटरों पर सेनेटाइजेशन के कार्य को निरंतर जारी रखने का भी निर्देश दिया।
इधर, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा के निर्देश पर लहेरियासराय स्थित नेहरू स्टेडियम में बुधवार को फल एवं सब्जी विक्रेताओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। निगम कर्मी राजा राम ने बताया कि नगर आयुक्त के निर्देश
पर बहादुरपुर प्रखंड से आयी स्वास्थ विभाग की टीम ने लगभंग एक दर्जन लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस अवसर पर रत्नेश कुमार राम, राजकिशोर पासवान के अलावा लहेरियासराय गुदरी बाजार के सैरात बंदोबस्ती के पूर्व संवेदक छोटेलाल साह भी उपस्थित थे।

