
क्वारेंटीन किये गए लोगों का डेटाबेस विभागीय पोर्टल पर होगा अपलोड, डाटा एंट्री तेज करने का निर्देश।
दरभंगा: डीएम ने जिले में आ रहे प्रवासी मजदूरों जिन्हें प्रखंड क्वारंटाइन केंद्रों में ठहराया जा रहा है एवं जो पहले से विलेज क्वारंटाइन सेंटर में हैं, उन सभी प्रवासी लोगों का डाटाबेस तैयार करने में हो रहे विलम्ब पर नाराजगी जाहिर की है। इनका डाटाबेस तैयार कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जाना है।
गौरतलब है कि तीन मई के बाद जिले में आये प्रवासी मजदूरों को 14 दिनों तक के लिए उनके गृह प्रखंड मुख्यालय में एवं अगले सात दिनों तक के लिए उनके गांव में क्वारंटीन किया गया है। प्रखंड क्वारंटीन सेंटर में आवासित सभी लोगों को मुफ्त भोजन, आवासन व चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही उन्हें व्यक्तिगत उपयोग के लिए अंग वस्त्र, बर्तन, दरी, चादर, बाल्टी, मग, मछरदानी, सैनिटरी किट्स आदि उपलब्ध कराये गये हैं।
आपदा प्रभारी पुष्पेश कुमार ने कहा कि तीन मई के बाद लगभग आठ हजार प्रवासी जिले के प्रखंड क्वारंटाइन
केंद्रों में आवासित हैं। इन सभी लोगों का डाटाबेस तैयार कर विभागीय पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा। डीएम ने अधिकाधिक कम्प्यूटर ऑपरेटरों को लगाकर डाटा इंट्री तेजी से पूरा करने का निर्देश दिया है।

