
दो चचेरे भाइयों सहित तीन बच्चों की जेसीबी से खोदे गए गढ्ढे में डूबने से मौत।
दरभंगा: जिले के सदर थाना क्षेत्र के सारामोहनपुर गांव में शनिवार की दोपहर करीब एक बजे जेसीबी से खोदे गए एक गड्ढे से भरे पानी में डूबने से तीन बच्चों की जान चली गई। दो बच्चे एक ही परिवार के हैं। दोनों चचेरे भाई हैं। इन तीनों बच्चों की उम्र 7 से 8 वर्ष थी। तीनों बच्चों के परिजनों का रो-राेकर बुरा था।
मनोज यादव का बेटा दुखरन कुमार, विनोद यादव का बेटा गोविंद कुमार एवं प्रदीप यादव का बेटा प्रिंस कुमार सहित चार बच्चे शनिवार की दोपहर आम के बगीचा में टिकाेला चुनने व खेलने गए। बगीचा में कुछ देर रहने के बाद दुखरन पानी से भरे गड्ढे में स्नान करने चला गया। उसे यह अंदाजा नहीं था कि गड्ढे में बहुत पानी है। वह डूबने लगा। उसे डूबते देख गोविंद उसे बचाने गड्ढे में कूद गया। वह भी डूबने लगा। अपने दोनों दोस्तों को डूबते देख प्रिंस गड्ढे में कूद गया। तीनों को डूबते देख उसका चौथा साथी ने घर जाकर सूचना दी।
तीन बच्चों के डूबने की घटना सुनते ही लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। ग्रामीणों के घटनास्थल पर पहुंचने से
पूर्व ही तीनों बच्चों की डूबने से मौत हो चुकी थी। तीनों बच्चों को गड्ढे से निकाल कर आनन-फानन में डीएमसीएच ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।

