
क्वारेंटाइन केंद्र में कार्यरत प्रधानाध्यापक की ब्रेन हेमरेज से मौत।
दरभंगा: कमतौल मध्य विद्यालय बालक के प्रधानाध्यापक राम प्रमाेद झा की मौत बुधवार की शाम करीब पांच बजे विद्यालय स्थित क्वारेंटाइन सेंटर पर ब्रेन हेमरेज से हो गई। सूचना मिलते ही कमतौल थानाध्यक्ष सरवर आलम सेंटर पर पहुंच गए। थोड़ी ही देर बाद मौके पर बीडीओ, बीईओ, जाले के चिकित्सा प्रभारी गंगेश झा भी एम्बुलेंस के साथ पहुंचे। लेकिन इन लोगों के पहुंचने से पूर्व ही प्रधानाध्यापक की मौत हो चुकी थी। बताया जाता है कि शाम करीब चार बजे उपरोक्त सेंटर पर कमतौल मुखिया के पति सह पूर्व मुखिया रंजीत ठाकुर उनसे मिलकर लौटे थे। वे उक्त सेंटर के भीतर ही टहल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वे बिल्कुल स्वस्थ नजर आ रहे थे। अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे सीना दबाकर बैठ गए। फौरन इसकी सूचना सेंटर पर मौजूद कर्मियों ने कमतौल पुलिस को दी। फिर प्रखंड प्रशासन को भी इसकी जानकारी दी। लेकिन ये लोग जबतक पहुंचते उससे पूर्व ही उनके नाक से खून बहने लगा। लोगों ने उनके सीने को भी पम्प किया, मगर उनकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही मृतक शिक्षक की पत्नी व एक पुत्र भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वे बिशनपुर थाना क्षेत्र के बिशनपुर गांव के रहने वाले थे उनकी उम्र 59 वर्ष बताई
गई। इस घटना के तुरंत बाद जाले सीओ सह कोविड-19 के नोडल पदाधिकारी अनिल कुमार मिश्र ने मध्य विद्यालय बालक में रहने वाले सभी 35 लोगों को बगल के 10+2 राम सिंगारी कन्या उच्च विद्यालय में शिफ्ट कर दिया।

