
इलाज के दौरान इंजेक्शन देने से मरीज की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा।
दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिंहवाड़ा में मंगलवार को एक मरीज की मौत पर जमकर हंगामा हुआ। अस्पताल काउंटर की खिड़की को आक्रोशितों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों की नाराजगी और तेवर को देखते हुए अस्पताल कर्मी भी खामोश थे। हालांकि, घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अकमल खुर्शीद, सिमरी थानाध्यक्ष हरिकिशोर यादव दल-बल के साथ पहुंच गए और लोगों को शांत कराने की कोशिश की। लेकिन, कोई बात मानने को तैयार नहीं थे। इसके बाद बीडीओ सिद्धार्थ कुमार, सीओ सुशील कुमार उपाध्याय पहुंचे। बावजूद, स्वजन शव के साथ नारेबाजी करते रहे। सभी चिकित्सक पर गलत उपचार करने का आरोप लगा रहे थे। इसमें बाद स्थानीय मुखिया सुधीर कांत मिश्र, पूर्व मुखिया पुण्यानंद मिश्र, सरपंच सत्यप्रकाश दुबे, भोला राय की पहल पर सभी लोग शांत हुए। बताया जाता है कि मंगलवार की सुबह लालपुर निवासी रामदेव मिश्र (52) की तबीयत अचानक खराब होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के क्रम में चिकित्सक ने एक इंजेक्शन दिया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। इससे स्वजन भड़क गए और चिकित्सक पर गलत उपचार करने का आरोप लगाने लगे।
इधर, मृतक के पुत्र नीतीश कुमार मिश्र चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। हालांकि, इसके खिलाफ
उन्होंने न तो कोई लिखित आवेदन दिया और न ही पोस्टमार्टम कराने को तैयार हुए। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की बात को मान शव को उठाकर घर ले गए। जहां शव पहुंचते ही स्वजन दहाड़ मारकर रोने लगे।

