
15 जून तक अनिवार्य रूप से पूरा करें तटबन्ध मरम्मति का कार्य: डीएम।
दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने बुधवार को सीएम आर्ट्स कॉलेज में नदी के किनारे दीवार निर्माण कार्य का औचक निरीक्षण किया। यह दीवार बाढ़ के पानी को शहर में प्रवेश करने से रोकने के लिए बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि विगत साल दरभंगा में छह जगहों पर कटाव हुआ था। जल संसाधन विभाग द्वारा सभी कटाव स्थलों की मरम्मति कार्य की जा रही है। समीक्षा में पाया गया कि अबतक औसतन 70 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो गया है। वहीं, ककोढ़ा, कैथवार, कुमरौल, मंसा कटाव स्थलों पर अभी 50-70 प्रतिशत ही कार्य पूरा हुआ है। डीएम ने इस बचे हुए कार्य को तेजी से पूर्ण कराने का निर्देश दिया है। समीक्षा में जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता ने बताया कि इस बार फ्लड प्रोटेक्शन में नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है। कहा कि कटाव को रोकने के लिए आयरन शीट पाइल ड्राइविग तकनीक का पहली बार इस्तेमाल किया गया है। इस तकनीक के इस्तेमाल किए जाने से बांध में अतिरिक्त मजबूती प्राप्त होगी और पानी का रिसाव भी रूकेगा। डीएम ने कार्यपालक अभियंता को रेन कट का आंकलन कर तुरंत मरम्मति कराने का निर्देश दिया। जल संसाधन विभाग एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के सभी कार्यपालक अभियंतागओं को 15 जून तक अनिवार्य रूप से बाढ़ सुरक्षा कार्य पूरा करने, तटबंध के कमजोर बिदुओं को चिन्हित कर वहां पर पर्याप्त संख्या में सैंड बैग संग्रहित रखने को कहा गया है। जून माह से ही सभी अभियंता पूरे अलर्ट मोड में रहेंगे। सभी कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता एवं कनीय अभियंताओं के साथ बांध पर ही कैंप करेंगे।
तटबंधों की निगरानी हेतु पर्याप्त संख्या में होमगार्ड की प्रतिनियुक्ति करा लेने को भी कहा गया है। हिदायत दी गई कि सभी तटबंधों पर सतत निगरानी रखी जाए, ताकि
पिछले साल जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो। जल संसाधन विभाग के सभी अभियंतागओं को पूरी क्षमता के साथ कटाव स्थल की मरम्मति एवं तटबंधों की मजबूतीकरण का कार्य पूरा करने को कहा गया है।

