
करोड़ो के ठगी का आरोपी भूमाफिया रिजवान उर्फ राजा गिरफ्तार, संपत्ति जब्ती की होगी कारवाई।
दरभंगा: करोड़ों की ठगी करने वाले एक भू-माफिया को नगर थाने की पुलिस ने बुधवार को एकमी से गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। एसएसपी बाबू राम के निर्देश पर बहादुरपुर और लहेरियासराय थानाध्यक्ष सहित सीआइएटी का दस्ता और तकनीकी सेल के पुलिस कर्मियों के सहयोग से थानाध्यक्ष सत्य प्रकाश झा ने छापेमारी की। एक साथ दर्जनों पुलिस बल ने आरोपित के घर पर धावा बोलकर चारों ओर से घेर लिया। हालांकि, आरोपित मो. रिजवान उर्फ राजा ने भागने की कोशिश की। लेकिन, चारों ओर पुलिस को देख उसकी एक नहीं चली। उसके खिलाफ बहादुरपुर, लहेरियासराय, विशनपुर, नगर आदि थानों में हत्या सहित करोड़ों की ठगी मामले को लेकर 30 मामले दर्ज हैं। इसमें दस लहेरियासराय और आठ बहादुरपुर में दर्ज हैं। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी नगर थाना कांड संख्या 276/19 में की गई है। सुरेंद्र गिरि से उसने 27 लाख रुपये उड़ाने का काम किया था। चेक के माध्यम से किए गए भुगतान को साक्ष्य मानकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
इधर, एसएसपी बाबूराम ने राजा की गिरफ्तारी को गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा है कि राजा और उसके साथियों ने कई लोगों को शिकार बनाकर संपत्ति अर्जित की है। ऐसी स्थिति में उन्होंने आम लोगों से अपील कर राजा और उसके साथियों की ओर से अर्जित की गई संपत्ति की जानकारी देने को कहा है। ताकि, उसके संपत्ति
को कुर्क किया जा सके। एसएसपी ने यह भी कहा है कि बहुत ऐसे भी पीड़ित हो सकते हैं जो आज तक आरोपित के खिलाफ दर्ज नहीं कराएं हैं, ऐसे लोगों से उन्होंने बिना डर और संकोच के संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा है।

