
अनलॉक वन में खुलेंगी सभी दुकानें, पांच लोगों से अधिक की भीड़ नही होगी एकसाथ।
दरभंगा: बिहार सरकार के गृह विभाग के आदेश के आलोक में जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने अनलॉक वन में कंटेंमेंट जोन से बाहर स्थित इलाकों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा समय-समय पर निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के आलोक में प्रतिबंधित गतिविधियों को तीन चरणों में खोलने का निर्देश दिया है। कहा कि पहले चरण में सभी दुकानें खुलेंगी, लेकिन किसी भी दुकान पर एक साथ पांच से ज्यादा व्यक्ति खड़े नहीं रह सकते हैं। सभी व्यक्तियों एवं प्रतिष्ठानों को शारीरिक दूरी नियम का पालन एवं मास्क पहनना अनिवार्य होगा। उन्होंने यह निर्देश सोमवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित बैठक के दौरान दिए।
वीडियो कॉंफ्रेन्सिंग के माध्यम से इस बैठक में शामिल सभी प्रखंडों के पदाधिकारी एवं ग्राम पंचायत मुखिया एवं वार्ड प्रबंधन समिति को पंचम वित्त आयोग के अनुदान मद से सभी ग्रामीण परिवारों को 100 रुपये मूल्य तक चार
मास्क एवं एक साबुन की आपूर्ति शीघ्र करने का निर्देश दिया गया है। कहा कि सभी लोगों को हमेशा मास्क पहनने के लिए प्रेरित किया जाए। बैठक में डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, प्रशिक्षु आइएएस प्रियंका रानी, सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, एसडीओ, एसडीपीओ, बीडीओ, एमओआईसी, सीओ, एसएचओ आदि मौजूद थे।

