
मुख्यमंत्री ने जिले के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा किया सीधा संवाद।
दरभंगा: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को जिले के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सीधा संवाद किया। जन संदेश कार्यक्रम के लिए डीएम कार्यालय प्रकोष्ठ के अलावा समाहरणालय का अम्बेदकर सभाकक्ष, सभी प्रखंड मुख्यालयों एवं पंचायत स्तर पर पुख्ता व्यवस्था की गयी थी। कॉन्फ्रेंस में डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, नगर आयुक्त घनश्याम मीणा, प्रशिक्षु आईएएस प्रियंका रानी, जिप अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नगर निगम पार्षद आदि उपस्थित हुए। समाहरणालय सभाकक्ष में डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी सहित अन्य पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि सम्मिलित हुए।
जनसंवाद में मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क पहनना एवं सोशल डिस्टेसिंग का पालन सबसे कारगर तरीका है। मास्क पहने हुए व्यक्ति को संक्रमित होने का खतरा कम हो जाता है। उन्होंने कहा कि अब मास्क का पर्याप्त संख्या में निर्माण हो रहा है। जीविका समूहों द्वारा भी बड़ी मात्रा में मास्क का निर्माण किया जा रहा है। मास्क पहनने के लिए लोगों को प्रेरित करने को सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में सभी परिवारों को चार-चार मास्क एवं एक साबुन मुफ्त में उपलब्ध कराया जा रहा है। सीएम ने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि सभी लोगों को मास्क पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में बिहार के मजदूरों का दूसरे राज्यों ने ख्याल नहीं रखा। राज्य सरकार द्वारा लॉकडाउन से प्रभावित हुए राज्य के बाहर रह रहे मजदूरों से बात कर अपने संसाधनों से तुरंत एक-एक हजार रुपये की सहायता पहुंचाई गयी। फिर उन लोगों को वापस लाने के लिए ट्रेनें चलवाई गयी। यहां उन्हें क्वारंटाइन कैंप में भोजन, आवासन एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गयी। उन्होंने कहा कि राज्य के बाहर से लौटे सभी मजदूरों को राज्य में ही रोजगार उपलब्ध कराया जायेगा। सरकार इस योजना पर कार्य कऱ रही है। कोई भी मजदूर मजबूरी में बाहर नहीं जाये।
उन्होंने कहा कि एक जून से लागू लॉकडाउन 5.0 में आर्थिक एवं व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। इससे बाजारों में भीड़-भाड़ बढ़ गई है। कोरोना का खतरा अभी बरकरार है इसलिए घर से निकलने पर सभी लोग मास्क का अवश्य प्रयोग करें एवं एक-दूसरे से दो गज की दूरी बनाये रखें। साबुन से बराबर हाथ धोते रहें। संभव हो तो हैंड सेनेटाइजर का उपयोग करें। उन्होंने आशा व्यक्त
की कि तीव्र इच्छाशक्ति से हम कोरोना को हराने में सफल होंगे। कार्यक्रम को उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एवं स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने भी संबोधित किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में नगर निगम के वार्ड 10 के अजय जालान, 16 के सोहन यादव, 18 के शशि पटेल, 21 की मधुबाला सिन्हा, 40 की मुन्नी देवी, 43 के परशुराम गुप्ता भी शामिल हुए।

