
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा मुख्य सचिव ने की योजनाओं के कार्य प्रगति की समीक्षा।
दरभंगा: कोरोना महामारी के कारण लागू लॉकडाउन में दूसरे राज्यों से काफी संख्या में मजदूर वापस लौट कर आ गए हैं. इन मजदूरों के लिए सरकार की ओर से विकास और कल्याणकारी योजनाओं के कार्य में तेजी लाई जाएगी. इसके लिए जिला प्रशासन से बिहार सरकार के मुख्य सचिव दीपक कुमार और ग्रामीण विकास विभाग के प्रधान सचिव ने वीडियो कांन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की.
इस समीक्षा बैठक के दौरान जल-जीवन-हरियाली अभियान, मनरेगा योजना, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के कार्य प्रगति की समीक्षा की गई. इस दौरान मुख्य सचिव ने जिले के हरेक पंचायत में मनरेगा योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों की मदद करने वाली योजनाओं के काम शुरू करने के निर्देश दिए.
इस मौके पर मुख्य सचिव ने कहा है कि बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अभी गांवों में आए हुए हैं. उन सभी लोगों को मनरेगा योजना में काम दिय जाए. साथ ही उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना में जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर आदि से काम ना लेकर अधिक से अधिक मजदूरों को काम दिया जाए.
इसके अलावे मुख्य सचिव ने कहा कि प्रवासी मजदूरों में बड़ी संख्या में कुशल कामगार भी शामिल हैं. इसलिए उनकी योग्यता के अनुरूप उन्हें कार्य आवंटित किया जाए.
ताकि उनकी कार्य क्षमता का अच्छे से उपयोग हो सके और जिसका उन्हें भी लाभ प्राप्त हो सके. साथ ही उन्होंने कहा है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए राज्य में पिछले साल एक महत्वपूर्ण योजना जल-जीवन-हरियाली अभियान शुरू किया गया था. इस अभियान को फिर से गति प्रदान करना है.

