Home Featured स्थानीय लोगों के हलक से नही उतर रही पटाखे के बारूद से विस्फोट की बात, उठे कई सवाल!
Featured - मुख्य - June 5, 2020

स्थानीय लोगों के हलक से नही उतर रही पटाखे के बारूद से विस्फोट की बात, उठे कई सवाल!

दरभंगा: जिले के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आजमनगर मोहल्ले के रिहायशी इलाके में स्थित एक मकान में जबरदस्त विस्फोट के बाद पुलिस जहां सक्रिय हो गयी है, वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा भी जांच कमिटी गठित कर दी गयी है। फिलहाल पुलिस द्वारा प्राथमिक जांच में अवैध पटाखा गोदाम में भारी मात्रा में रखे गए बारूद में आग के कारण शुक्रवार की दोपहर जबरदस्त विस्फोट होने की बात सामने आ रही है। परंतु स्थानीय लोग इसबात से सहमत नही दिखते। विस्फोट इतना तगड़ा था कि इससे आसपास का इलाका थर्रा गया। जिस पक्के मकान में विस्फोट हुआ वह पूरी तरह जमींदोज हो गया।
घटना में बगल में बने के चारमंजिला मकान को भी भारी क्षति पहुंची। विस्फोट के बाद बगल के कई मकानों में भी बारूद फैल गया। जिस मकान में विस्फोट हुआ वह नजीर नद्दाफ का बताया जाता है। पुलिस के मुताबिक वहां अवैध रूप से पटाखा बनाने का काम चलता था। मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
विस्फोट में नजीर नद्दाफ के दो पोते व एक नतिनी जख्मी हो गए। तीनों को डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। हालांकि वे खतरे से बाहर बताए जाते हैं। पुलिस ने इस मामले में नजीर नद्दाफ, उसकी पत्नी और दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना की जांच के लिए एसएसएल की टीम को बुलाया गया है।
इधर, घटना की जानकारी मिलने पर सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, सदर एसडीओ राकेश गुप्ता व एसडीपीओ अनोज कुमार सहित कई थानों की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। दंगा नियंत्रण बल को भी वहां बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल के अलावा अगल-बगल के मकानों में हुई क्षति का जायजा लिया। घटना के बाद वहां आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
विस्फोट इतना भयानक था कि बगल के मकान की चहारदीवारी भी ढह गई।
स्थानीय लोग नजीर नदाफ के आचरण को भी संदिग्ध बता रहे हैं। लोगों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, नजीर केवल दीवाली के समय पटाखों की दुकान दिखावटी रूप से करता है। इसके अलावा उसका आय का कोई प्रत्यक्ष साधन भी नही है। ऐसे में उसके परिवार का भरण पोषण कैसे होता है, यह भी आश्चर्य है। साथ ही यह विस्फोट पटाखा या सुतली बम के कारण होना लोगो को पच नही रहा है।
पूरे मामले एक बड़ा सवाल यह भी सामने आया कि व्यस्तम रिहायसी इलाके में पटाखा का गोदाम और बनाने का काम नजीर वर्षों से कैसे करते आ रहा था! इसकी सूचना प्रशासन को कैसे नही मिली! किसी स्थानीय राजनीतिक सपोर्ट के बिना क्या सम्भव है!
बताते चलें कि फिलहाल घटना की जांच के लिए डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने एडीएम स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का गठन किया है। टीम में एसडीओ और सदर एसडीपीओ को शामिल किया गया है।
इधर देर शाम विश्वविद्यालय थाना पर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान इस मामले में सिटी एसपी ने चार लोगों की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि गृहस्वामी सहित उसके परिवार के कई लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई जा रही है। फिलहाल मकान में अवैध रूप से पटाखा बनाने की बात सामने आई है। मकान में रखे गए बारूद में विस्फोट हुआ है। एफएसएल की टीम बुलाई गई है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जाएगी।

Share