
ऐतिहासिक रहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूसरे कार्यकाल का पहला साल: गोपालजी।
दरभंगा: सांसद गोपाल जी ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के दूसरे कार्यकाल के एक वर्ष पूर्ण होने पर मिथिलावासियों की तरफ से उन्हें बधाई दी। श्री ठाकुर ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि 2014 में नरेन्द्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से ही देश की राजनीति में आये क्रांतिकारी बदलाव का पूरा देश साक्षी है।
उन्होंने कहा कि मोदी 2.0 के कार्यकाल का एक साल ऐतिहासिक रहा। धारा 370 और 35ए हटाने, तीन तलाक, राम जन्मभूमि पर उच्चतम न्यायालय के आदेश अनुसार मोदी जी ने राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया। मोदी सरकार के इस कार्यकाल में दरभंगा सहित समस्त मिथिला के ऐतिहासिक विकास की नींव रखी गयी। दरभंगा में एम्स एवं एयरपोर्ट के अलावा तारामंडल व आईटी पार्क की सौगात मिली। दरभंगा-समस्तीपुर दोहरीकरण, दरभंगा स्टेशन का सौंदर्यीकरण, दरभंगा में सभी आरओबी के निर्माण सहित आदि कार्य किये जा रहे हैं। मखाना के उत्पाद एवं ब्रांडिंग के लिए भी सरकार ने कटिबद्धता दिखाई है। 10 हजार करोड़ की राशि एमएफएस के तहत निर्गत की गई है। उन्होंने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में समस्त मिथिला सहित सम्पूर्ण देश का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कोरोना से बचने के लिए सरकारी निर्देश का पालन करने की अपील की।
इधर, भाजपा जिला महिला मोर्चा की बैठक भी जिला अध्यक्ष मीना प्रसाद की अध्यक्षता में सांसद गोपाल जी ठाकुर के नवटोलिया स्थित निवास पर हुई। बैठक में सांसद के अलावा जिला अध्यक्ष जीवछ सहनी, प्रदेश मंत्री डॉ. धर्मशीला गुप्ता व मीना झा उपस्थित थीं।
सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि सशक्त भारत में महिला की भूमिका अहम है और उसे प्रत्येक बूथ पर सशक्त करने की जरूरत है। प्रदेश मंत्री डॉ. धर्मशीला
गुप्ता ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पत्रक लेकर प्रत्येक बूथ के घर-घर जाने का काम करेगा महिला मोर्चा। भाजपा सबसे अधिक महिलाओं को महत्व देती है।

