
ऑटो चालक के पुत्र ने पंजाब रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट बनकर इलाके का नाम किया रोशन।
दरभंगा: जिले के पिछड़े क्षेत्रों में से एक कुशेश्वरस्थान के बेर गांव के ऑटो चालक के पुत्र ने पंजाब रेजिमेंट में लेफ्टिनेंट बनकर इलाके का नाम रोशन किया है। इससे इलाके में खुशी देखी जा रही है।
बेर गांव निवासी ऑटो चालक गणेश पाठक एवं मां गृहिणी मुन्नी देवी के पुत्र पुरुषोत्तम पाठक उर्फ बिट्टू ने इंडियन मिलिट्री एकेडमी देहरादून से ऑफिसर ट्रेनिंग पास कर पंजाब रेजिमेंट में एएस लेफ्टिनेंट के पद पर योगदान कर अपने परिवार, गांव एवं प्रखंड का नाम रोशन किया है। पुरुषोत्तम की प्रारंभिक शिक्षा गांव में हुई। उन्होंने मैट्रिक की परीक्षा उच्च विद्यालय सतीघाट,आईएसी एमएलएसएम कॉलेज, दरभंगा तथा बीएससी की परीक्षा जेएनयू, दिल्ली से पास करने के बाद 2011 में भारतीय थल सेना के सिग्लन ट्रेड की परीक्षा पास कर नौकरी
ज्वाइन कर ली। नौकरी के दौरान ही पुरुषोत्तम ने 2016 में सेना के ऑफिसर ट्रेनिंग की परीक्षा पास कर 4 साल तक ट्रेनिंग कर ऑफिसर ट्रेनिंग कम्पलीट किया।
पुरुषोत्तम ने अपनी सफलता का श्रेय सच्ची लगन एवं माता-पिता से मिले सहयोग को दिया। उनकी इस सफलता पर प्रखंड के गणमान्य लोगों ने बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है।

