
डीएम ने किया ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण।
दरभंगा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बुधवार को ईवीएम वेयर हाउस का निरीक्षण किया। साथ ही उन्होंने बिहार विधानसभा आम निर्वाचन में प्रयुक्त किए जाने वाले उत्तर प्रदेश से आने वाली ईवीएम मशीन की प्रथम स्तरीय जांच व एफएलसी की तैयारी की समीक्षा की। उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार ने समीक्षा में बताया कि उत्तर प्रदेश से ईवीएम तथा आंध्रप्रदेश के विशाखापट्टनम से 3700 वीवी पैट प्राप्त किए जाने हैं। ईवीएम मशीन की बैलट यूनिट, बीयू एवं कंट्रोल यूनिट और सीयू प्राप्त हो चुके हैं तथा वीवीपैट मशीन 21 से 22 जून तक प्राप्त होने की संभावना है।
डीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के तहत ईवीएम मशीन का एफएलसी कार्यक्रम 25 जून से प्रारंभ किया जाएगा। इसके लिए बीइएल के इंजीनियर की सूची विभाग से प्राप्त हो चुकी है। इनके सहयोग के लिए आईटीआई कॉलेज तथा पॉलिटेक्निक दरभंगा के
इंजीनियरों का भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने उप निर्वाचन पदाधिकारी को कोविड 19 महामारी को देखते हुए एफएलसी कार्य में प्रतिनियुक्त सभी कर्मियों को मास्क, सेनेटाइजर उपलब्ध कराने तथा बीईएल के इंजीनियरों को सुरक्षा किट प्रदान करने का निर्देश दिया।
डीएम ने वेयरहाउस में मेटल लाइट के स्थान पर कम वाट के बल्ब का उपयोग करने, सीसीटीवी कैमरा लगाने, फायर ब्रिगेड से जांच करा लेने, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल से भवन की सुरक्षा संबंधित ऑडिट रिपोर्ट प्राप्त कर लेने का निर्देश दिया। सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग रखने तथा वेयर हाउस को खोलने बंद करने के समय अनिवार्य रूप से वीडियोग्राफी कराने की बात कहीं। एनसीपी के जिला अध्यक्ष शैलेंद्र मोहन झा, उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार तथा जिला निर्वाचन कार्यालय के कर्मी मौजूद थे।

