
नालों पर अतिक्रमण कर कुछ लोगो द्वारा घर बना लेने के कारण होता है जलजमाव: महापौर।
दरभंगा: शुक्रवार को नगर निगम की महापौर वैजयंती देवी खेड़िया ने वार्डों में चल रहे जलनिकासी एवं विकास योजनाओं के निरीक्षण किया। महापौर ने कहा कि अत्यधिक वर्षा होने पर कुछ घंटों के लिए निचले इलाकों में जलजमाव तो होता है किंतु निगम कर्मी पूरी मुस्तैदी से उसकी निकासी में लग जाते हैं और शीघ्र ही जलनिकासी हो जाती है।
महापौर ने वार्ड नंबर 31-32 के लीची बाग में जलजमाव वाले इलाके का निरीक्षण कर अविलंब अतिक्रमण हटाकर जलनिकासी के लिए निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया। महापौर ने बताया कि कुछ लोगों ने नाले की जमीन पर अतिक्रमण कर घर बना लिया है जिस कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो गयी है। अतिक्रमण हटाकर इसे शीघ्र ही दूर कर लिया जाएगा। महापौर ने वार्ड नं 46 में चल रहे जल निकासी के कार्य का भी निरीक्षण किया। साथ ही वार्ड नंबर 25 में चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण कर शीघ्र कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
श्रीमती खेड़िया ने बताया कि अब शहर में मात्र वैसी जगहों पर ही जलजमाव की समस्या होती है जहां चारों
ओर सड़क ऊंची हो गयी है और नाला सही ढंग से चालू नहीं हुआ है। उन्होंने बताया कि दोनार से टिनही पुल और डीएमसीएच से एकमी घाट नाला और कल्वर्ट निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद शहर को जलजमाव की समस्या से स्वत: निजात मिल जाएगी।

