
जिलाधिकारी ने की राशन कार्ड एवं खाद्यान वितरण कार्य के प्रगति की समीक्षा।
दरभंगा: जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम द्वारा गुरुवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में राशन कार्ड वितरण, कोविड-19 पोर्टल पर डाटा इन्ट्री, खाद्यान्न वितरण की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की गई।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए अनलॉक – 2.0 को 01 जुलाई 2020 से 31 जुलाई 2020 तक लागू किया गया है। अनलॉक – 2.0 में दिशा-निर्देशों का सख्ती से लागू करवाने पर जोर दिया जाएगा। जिसमें मास्क का अनिवार्य उपयोग, सोशल डिस्टेसिंग को लागू करवाना, शादी समारोह में 50 से अधिक व्यक्तियों का इकट्ठा नहीं होना आदि निदेशों का पालन कराया जाना है तथा इसके उल्लंघन पर दण्ड अधिरोपित करने को कहा गया है। इसी संबंध में अगले 07 दिनों तक गहन जारूकता अभियान तथा वाहन एवं प्रतिष्ठान चेकिंग का आदेश जिलाधिकारी द्वारा दिया गया।
नये लाभुको को राशन कार्ड वितरण में तेजी लाने के भी निदेश दिए गए तथा बहादुरपुर, बहेड़ी, केवटी, दरभंगा सदर आदि में वितरण की धीमी गति पर असंतोष व्यक्त करते हुए इसे जल्द से जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया।
मुख्यमंत्री प्रवासी मजदूर निष्क्रमण योजना के तहत कामगारों को एक हजार की राशि देने की प्रक्रिया को भी तेज करने का आदेश दिया गया।
जून माह के खाद्यान्न वितरण में होने वाली देरी को देखते हुए जिलाधिकारी द्वारा आपूर्त्ति पदाधिकारीयों को इसे जल्द से जल्द पूरा कराने का निदेश दिया गया। इसी संबंध
में सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारियों को कल प्रखण्ड भ्रमण कर सभी कार्यों की प्रगति की समीक्षा करने का आदेश दिया गया।
इस बैठक में अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी, उप विकास आयुक्त डॉ. कारी प्रसाद महतो, प्रशिक्षु सहायक समाहर्त्ता प्रियंका रानी, जिला आपूर्त्ति पदाधिकारी अजय गुप्ता, अनुमण्डल पदाधिकारी सदर राकेश कुमार गुप्ता, प्रभारी जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी राहुल कुमार एवं सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित थे।

