
मास्क पहन कर नही निकलने वालों की खैरियत लेने खुद सड़क पर उतरे एसएसपी।
दरभंगा: कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते लोगों को मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। कोई इसका उल्लंघन नहीं करे इसे लेकर एसएसपी बाबू राम ने शुक्रवार को सघन अभियान चलाया। लहेरियासराय थाना स्थित टावर चौक पर उन्होंने दल-बल के साथ आते-जाते लोगों को चेक किया। इस दौरान दो दर्जन लोग बिना मास्क के पाए गए। जिनसे दो हजार रुपये का चलान काटा गया। इस दौरान एसएसपी ने लोगों को जागरूक करने का भी काम किया। बताया कि नियम के उल्लंघन पर चलान के साथ प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। इसलिए घर से निकलने पर अनिवार्य रूप से मास्क लगाएं। एसएसपी के अभियान चलने से शहर में हड़कंप मच गया।
एसएसपी ने बताया कि शनिवार से शहरी क्षेत्र से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में मास्क को लेकर सघन अभियान चलाया जाएगा। शाम में सभी थानेदारों से फीडबैक लिया जाएगा। इस अभियान में लापरवाही बरतने वाले थानेदारों पर कार्रवाई करने की भी चेतावनी दी। शॉपिग मॉल और
दुकानों में कर्मियों को मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है। वहीं, सार्वजनिक वाहनों बस, टैक्सी, ऑटो आदि के चालकों, कर्मियों और यात्रियों को बिना मास्क के यात्रा करने से वर्जित कर दिया गया है। जांच में उल्लंघन पाए जाने पर मॉल, दुकानों, सार्वजनिक वाहनों के परिचालन पर रोक लगा देने का आदेश दिया है।
अभियान के दौरान सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, थानाध्यक्ष एचएन सिंह, यातायात प्रभारी जय नंदन, दारोगा नुसरत जहां, संतोष कुमार आदि शामिल थे।

