
साईकिल गर्ल ज्योति की मदद में आगे आये एसएसपी बाबूराम।
दरभंगा: शुक्रवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची जिले के सिंघवाड़ा प्रखंड के सिरहुल्ली की साइकिल गर्ल ज्योति कुमारी ने साइकिल रेसर बनने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। इसमें एसएसपी बाबू राम उसकी भरपूर मदद कर रहे हैं। एसएसपी ने ज्योति को बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए साइकिल ट्रेनर संजीव कुमार को जिम्मेवारी सौंपी है। संजीव उसे रेसिंग की बारीकियां सिखाएंगे।
इस संबंध में एसएसपी ने बताया कि शुक्रवार को उन्हें जानकारी मिली कि ज्योति और उसके पिता उनके कार्यालय के पास किसी काम से आए हैं। उन्होंने उन्हें कार्यालय में बुलाया। उन्होंने ज्योति से बात की तो उसने कहा कि वह साइकिल रेसर बनना चाहती है। इसके बाद एसएसपी ने उसे इस संबंध में कई बातें बतायी और कला व संस्कृति विभाग के साइकिल ट्रेनग संजीव को अपने
कार्यालय में बुलाया। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की स्पर्धा में पदक पा चुके संजीव को ज्योति को साइकिल रेसिंग के टिप्स बताने के निर्देश दिये। एसएसपी ने ज्योति के पिता मोहन पासवान को भी आश्वस्त किया कि अगर उन्हें भविष्य में किसी भी तरह की मदद की जरूरत हो वे सीधे उनसे संपर्क कर सकते हैं। मौके पर सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, सदर एसडीपीओ अनोज कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद थे।

