Home Featured जिलाधिकारी ने किया कमला एवं कोशी नदी के तटबंधों का निरीक्षण।
Featured - मुख्य - July 10, 2020

जिलाधिकारी ने किया कमला एवं कोशी नदी के तटबंधों का निरीक्षण।

दरभंगा: भारी बारिश एवं बाढ़ के खतरे को देखते हुए दरभंगा के जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम लगातार तटबंधों का निरीक्षण कर उसे सुरक्षित रखने केलिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने शुक्रवार को कमला एवं कोशी नदी तटबंध का निरीक्षण किया। इस दौरान खासकर बाथ मनसारा के पास टूटान सहित कमला-बलान नदी के दाएं तटबंध तथा अखतवाड़ा को भी देखा। निरीक्षण के क्रम में कुछ स्थानों पर खामियां दिखी। मौके पर मौजूद बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल झंझारपुर के कार्यपालक अभियंता को 24 घंटे में दुरुस्त करने का आदेश दिया। वहीं, बाबूरबनी के पास तटबंध की मरम्मत में कुछ खामियां मिली। सहायक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, झंझारपुर को इसे 24 घंटे में दुरुस्त करने को कहा गया।

तटबंध के कुछ हिस्सों में डीएम ने बालू की बोरियां रखवाने को कहा। बौराज घाट पर नाव से आवाजाही कर रहे लोगों से भाड़ा लिए जाने के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान लोगों ने बताया कि आवाजाही के लिए कोई राशि नहीं ली जाती है। डीएम ने कमला नदी के जल अधिग्रहण गांव रहीटोल, बौराम मुशहरी, मनसारा मुशहरी तथा चातर एवं कोशी नदी के पास किरतपुर अंचल के तीन पंचायत खगुरूआ तड़वाड़ा, नरकटिया भंडरिया और खैरा जमालपुर के नौ गांव और 19 वार्ड के लिए की गई बाढ़ पूर्व तैयारी की समीक्षा की। उन्होंने उन गांवों में पानी की स्थिति की भी जानकारी ली। साथ ही संबंधित पदाधिकारी को सतर्क रहने के निर्देश दिए। बता दें कि पिछले कई महीनों से कमला और कोशी बांध को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। डीएम ने साफ किया कि किसी भी स्थिति में काम ठीक तरीके से करें।
निरीक्षण के दौरान सहायक समाहर्ता प्रियंका रानी, डीसीएलआर बिरौल राम दुलार राम, वरीय प्रभारी पदाधिकारी गौरव शंकर, जिला कृषि पदाधिकारी राधा रमण, झंझारपुर के कार्यपालक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल एवं सहायक अभियंता, बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल झंझारपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी लक्ष्मण कुमार, अंचलाधिकारी राम कुमार सिंह, थानाध्यक्ष घनश्यामपुर, थानाध्यक्ष बनगांव, अंचलाधिकारी, किरतपुर समेत सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Share