
बाढ़ प्रभावित गांवों का एनडीआरएफ ने किया भ्रमण, फिलहाल सभी तटबंध सुरक्षित।
दरभंगा: जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र खासकर बिरौल अनुमंडल के कुशेश्वरस्थान पूर्वी, घनश्यामपुर और किरतपुर अंचल के क्षेत्र में लगातार अभियंताओं पदाधिकारियों द्वारा भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया जा रहा है। कुशेश्वरस्थान पूर्वी प्रखंड के वरीय पदाधिकारी ने अंचलाधिकारी एवं एनडीआरएफ की टीम के साथ सोमवार को इटहर पंचायत के लक्ष्मीनिया, चौकिया और इटहर गांव का भ्रमण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। अंचलाधिकारी कुशेश्वरस्थान पूर्वी के अंचलाधिकारी त्रिवेणी प्रसाद ने बताया कि चौकिया ग्राम में आज से सामुदायिक रसोई प्रारंभ कर दिया गया है। कुशेश्वरस्थान पूर्वी अंचल में बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए 5 सरकारी नाव एवं 6 निजी नाव चलवाया जा रहा है, जो लोग उच्च स्थल पर शरण लिए हैं उन्हें पॉलिथीन सीट मुहैया करवाया जा रहा है ।
आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार आज से बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए कुशेश्वरस्थान पूर्वी में एक तथा घनश्यामपुर में तीन सामुदायिक रसोई प्रारंभ कर दिया गया है, जिसमें लगभग 500 लोगों को सुबह-शाम खाना खिलाया जा रहा है। लगभग 100 बाढ़ प्रभावित
परिवारों को पॉलिथीन सीट उपलब्ध कराया गया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन के लिए निःशुल्क सरकारी नाव की व्यवस्था की गई है। 52 सरकारी नाव एवं 17 निजी नाव का परिचालन करवाया जा रहा है।
जिला अधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पदाधिकारियों द्वारा लगातार दौरा किया जा रहा है, सभी तटबंधों की निगरानी की जा रही है। वर्तमान में सभी तटबंध सुरक्षित हैं।

