
दरभंगा समाहरणालय परिसर में बाढ़ का नजारा, आने जाने वालों को हो रही परेशानी।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: थोड़ी सी बारिश में भी जलजमाव दरभंगा शहर की नियति बन गयी है। ऐसे में लगातार चार दिनों की बारिश से शहर के जहां महत्वपूर्ण इलाके और कार्यालय भी डूबे नजर आए, वहीं दरभंगा के आलाधिकारी कर्ताधर्ता जहां से जिले का नीति निर्धारण करते हैं, वह जिला समाहरणालय ही सोमवार को बारिश के पानी मे डूबा नजर आया। चारो तरफ बाढ़ जैसा नजारा दिख रहा था। अनुमंडल कार्यालय, अनुमंडलीय लोक शिकायत निवारण कार्यालय, सूचना जनसंपर्क कार्यालय आदि आने जाने वाले कर्मियों एवं आमजनों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ा।
समाहरणालय परिसर के पश्चिमी भाग में अवस्थित अंबेडकर सभागार में एक बैठक में भाग लेने पहुँचे व्यवसायी चंदन सिंह ने बताया कि उन्हें बैठक में बुलाया गया था। पर सभागार में पहुंचने में वे भींग गए। अब भींगे हालत में ही मीटिंग करना पड़ेगा।
वहीं परिसर अवस्थित एटीएम रूम में पानी प्रवेश कर चुका था। एटीएम के गार्ड दीपक कुमार ने बताया कि यदि जल्द जल निकासी नही हुई और पानी बढ़ा तो एटीएम बन्द करना पड़ेगा।
पेंशन के कार्य से समाहरणालय पहुँचे रौशन मिश्रा ने बताया कि उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जिला के समाहरणालय का जब यह हाल है तो बाकी जगह का क्या हाल होगा, सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। श्री मिश्रा ने जिलाधिकारी से इसके जल्द समाधान का अनुरोध किया।
स्थानीय लोगो का कहना था कि लहेरियासराय टावर से समाहरणालय के रास्ते मे नवनिर्मित सड़क काफी ऊँची बनायी गयी है। साथ ही जो पुल बने हैं, वे भी मुख्य नाले को अवरुद्ध किये हुए हैं। इसी कारण इसप्रकार के जलजमाव की समस्या उतपन्न हुई है।
अब देखने वाली बात होगी कि कब तक समाहरणालय परिसर जलजमाव मुक्त होता है और जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था कबतक हो पाती है।

