Home Featured गलत अफवाह फैलाने के आरोप में भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित पांच हिरासत में।
Featured - मुख्य - July 15, 2020

गलत अफवाह फैलाने के आरोप में भाजपा मंडल अध्यक्ष सहित पांच हिरासत में।

दरभंगा: दरभंगा के घनश्यामपुर प्रखंड के कुमरौल में तटबंध टूटने का वीडियो वायरल कर अफवाह फैलाने के आरोप में पुलिस ने मंगलवार को भाजपा के अलीनगर मंडल अध्यक्ष लाल मुखिया समेत पांच लोगों को हिरासत में ले लिया। आरोप है कि इन लोगों ने वर्ष 2019 में घनश्यामपुर के कुमरौल के पास कमला बलान के पश्चिमी तटबंध टूटने का वीडियो पिछले 13 जुलाई को वायरल कर अफवाह फैला दी। इसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
एसएसपी बाबू राम ने कहा कि इस मामले में पांच लोगों को हिरासत में लिया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। इस मामले में 13 जुलाई को जल संसाधन विभाग के जेई अश्विनी कुमार ठाकुर के आवेदन पर घनश्यामपुर थाने में आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करायी गयी थी। इसी मामले को लेकर सकतपुर थाने में भी जेई रंजीत कुमार के आवेदन पर एफआईआर दर्ज करायी गयी थी।
घनश्यामपुर थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार झा ने बताया कि इस मामले में अलीनगर के भाजपा मंडल अध्यक्ष, इसी प्रखंड के अंदौली निवासी लाल मुखिया, अलीनगर ओपी के चक्का गांव निवासी ललन कुमार साफी, कृष्ण कुमार, गरौल गांव के रंजीत कुमार साहु व नदियामी के राजेश कुमार मुखिया को हिरासत में लिया गया है। कोरोना को देखते हुए बुधवार को उन्हें घर जाने दिया गया। उन्हें गुरुवार को फिर थाने पर बुलाया गया है। पुलिस इनसे पूछताछ कर इस मामले की तह तक जाना चाहती है कि आखिर उन्होंने किसके कहने पर ऐसा किया तथा इसके पीछे उनकी मंशा क्या थी।

Share