
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव ने की ऑनलाईन समीक्षा, दरभंगा में पॉजिटिव केस का प्रतिशत सबसे कम।
दरभंगा: गुरुवार को बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत द्वारा कोशी, भागलपुर एवं दरभंगा प्रमण्डल के सभी जिलों के जिलाधिकारी के साथ कोविड-19 के लिए बनाये गये आइसोलेशन वार्ड, कोरोना जाँच, आइसोलेशन सेन्टर में बेड की उपलब्धता, जिले में ऑक्सीजन सिलेंडर की उपलब्धता, एक्टिव पॉजिटिव केस एवं पॉजिटिव केस का प्रतिशत के संबंध में एक-एक कर सभी जिलों से समीक्षा की।
उन्होंने दरभंगा जिले की प्रशंसा करते हुए कहा कि दरभंगा में पॉजिटिव केस का प्रतिशत् सबसे कम 04 प्रतिशत् है, इसके बाद बाँका और सुपौल में भी पॉजिटिव केस के प्रतिशत् कम हैं।
जिलाधिकारी, दरभंगा डॉ. त्यागराजन एसएम ने बताया कि जिले में 436 ऑक्सीजन सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिनमें से 72 डीएमसीएच में लगे हैं। उन्होंने कहा कि दरभंगा जिले में 60 एक्टिव केस है, जिनमें से 20 आइसोलेशन सेन्टर डीएमसीएच, 34 होम क्वारंटाइन में तथा 06 मामले एनएमसीएच में रेफर किये गए हैं। उन्होंने कहा कि सिविल सर्जन को कल ही सभी ऑक्सीजन सिलेंडर की जाँच करवा लेने का निदेश दिया गया है।
प्रधान सचिव ने सभी जिलाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि लॉकडाउन के अगले 15 दिन बहुत ही निर्णयक हैं, इसमें मास्क का प्रयोग सभी के द्वारा किया जाए यह सुनिश्चित करवाना है। बिना मास्क के कोई भी व्यक्ति पाया जाता है तो उसपर निश्चित रूप से जुर्माना किया जाए। साथ ही कंटनमेंट जोन की निगरानी गंभीरता से की जाए तथा जितने भी पॉजिटिव केस हैं, उनके निकट सम्पर्क वाले व्यक्ति की पहचान कर ली जाए।
उन्होंने सभी आइसोलेशन सेन्टर में पर्याप्त संख्या में बेड उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। आइसोलेशन सेन्टर पर रहने वाले के लिए अच्छा भोजन हेतु भोजन की दर में वृद्धि कर 225 रूपये कर दिया गया है। दरभंगा में 08 आइसोलेशन सेन्टर बनाया गया है, जिनमें बी.एस.सी. नर्सिंग स्कूल में 200, दरभंगा, बी.एस.सी. नर्सिंग होटल, दरभंगा में 210, ए.एन.एम. ट्रेनिंग स्कूल, बेनीपुर में 215, ए.एन.एम. ट्रेनिंग स्कूल, बिरौल में 200, किरतपुर में 30, बहादुरपुर में 30, मनीगाछी में 30, ए.एन.एम. ट्रेनिंग स्कूल, जाले में 30, रेलवे कोच में 320 तथा रहिका में 12 बेड उपलब्ध हैं। जिलाधिकारी ने ग्रामीण क्षेत्र के आइसोलेशन सेंटर में भी कम से कम पांच ऑक्सीजन सिलेंडर रखने के निर्देश दिए। तथा आइसोलेशन सेंटर में बेड की क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन को कल बेनीपुर के बहेड़ा बाजार एवं बिरौल बाजार के साथ-साथ समाहरणालय अवस्थित जिला अल्पसंख्यक कल्याण कार्यालय, कोषागार एवं योजना कार्यालय सहित कुछ अन्य कार्यालयों के कर्मियों के एनटीजेन्ट टेस्टिंग कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने शहरी क्षेत्र के साथ-साथ गांव में भी टेस्ट कराने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 235 प्लसोमिटर उपलब्ध हैं, जिससे अस्वस्थ्य व्यक्ति की पहचान तुरंत हो जाती है। जिलाधिकारी ने जिले में भनरेबुल व्यक्तियों के बारे में जानकारी ली तथा सिविल सर्जन को गंभीर बीमारी से ग्रस्त यथा – कैंसर, टी.वी. डायबिटीज से पीड़ित व्यक्तियों का पुनः सर्वें कराने के निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने बताया कि जिले में 60 वर्ष से ऊपर के 01 लाख 41 हजार वृद्ध तथा 10 वर्ष से कम के 04 लाख 53 हजार बच्चें एवं 52 हजार महिलाएँ हैं, जो
भनरेबुल हैं, इनमे से 4,587 डायबिटीज से पीड़ित हैं।
प्रधान सचिव,स्वास्थ्य विभाग ने अगले 15 दिन में जितने भी पॉजिटिव मामले हैं सभी के निकट संपर्क के व्यक्तियों को ट्रेस करके तथा कंटेनमेंट जोन से संबंधित मामले को क्योर करते हुए पॉजिटिव मामले के प्रतिशत में अत्यधिक कमी लाने के निर्देश दिए।
ऑनलाइन मीटिंग में सिविल सर्जन दरभंगा, डीपीएम स्वास्थ्य, उप निदेशक जन संपर्क सहित संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

