
ड्यूटि के साथ साथ पुलिस अपनी भी सुरक्षा का रखें ध्यान: एडीजी।
दरभंगा: कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए आम लोगों की सुरक्षा के साथ-साथ पुलिस भी अपनी रक्षा करें। इसमें किसी तरह की लापरवाही महंगी पड़ सकती है। ड्यूटी के दौरान नियमित मास्क पहनने और शारीरिक दूरी अनिवार्य रूप से पालन करना है। उक्त बातें गुरुवार को एडीजी हेडक्वार्टर जितेंद्र कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेसिग के माध्यम से कही। समाहरणालय एनआइसी सभागार में मिथिला क्षेत्र के आइजी अजिताभ कुमार, एसएसपी बाबू राम ने दिए गए आदेश का पालन कराने का आश्वासन दिया। एडीजी कुमार ने कहा कि ड्यूटी दौरान पुलिस कर्मी सेनिटाइजर और ग्लब्स का उपयोग करें। आवास जाने पर वर्दी की धुलाई करें, यह सुनिश्चित कराएं। वहीं लॉकडाउन को सख्ती के साथ पालन कराने का आदेश दिया। कहा कि सड़क पर बिना मास्क पहने एक भी व्यक्ति नहीं गुजरे, ऐसी व्यवस्था करने को कहा। जो दुकानें अनाधिकृत रूप से खुलती है उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और सघन वाहन चकिग करने का निर्देश दिया। कोरोना गाइड लाइन अनुसार काम करने को कहा। इधर, चुनाव की तैयारी को लेकर भी कई जानकारी ली गई। अंतरजिला और विधानसभा स्तर पर तबादला किए गए पुलिस पदाधिकारियों में उन्होंने फीड बैक लिया। कहा कोई परेशानी है तो खुलकर बताएं। हालांकि, आइजी ने कोई परेशानी नहीं होने की बात कही। इस दौरान एडीजी ने कई टास्क दिए, जिसे जल्द पूरा करने को कहा।

