Home Featured जिलाधिकारी ने किया ईवीएम गोदाम का निरक्षण।
Featured - मुख्य - July 17, 2020

जिलाधिकारी ने किया ईवीएम गोदाम का निरक्षण।

दरभंगा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम, एसएसपी बाबू राम व जिला अग्निशाम पदाधिकारी रमेश कुमार ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर अवस्थित ईवीएम गोदाम का निरीक्षण किया। आगामी विधानसभा चुनाव के लिए बैलट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट का भंडारण किया जा रहा है। साथ ही सुरक्षा कर्मियों द्वारा लगातार इसकी निगरानी की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार से उपलब्ध बैलेट युनिट, कन्ट्रोल यूनिट एवं वीवीपैट की जानकारी ली। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 6400 बीयू, चार हजार सीयू एवं 5400 वीवीपैट गोदाम में उपलब्ध हैं। पटना से भी 1275 बीयू लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि गोदाम की क्षमता छह हजार बीयू एवं छह हजार सीयू रखने की है। निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम गोदाम में आग लगने की स्थिति में आग बुझाने के उपकरण के संबंध में जिला अग्निशाम पदाधिकारी से जानकारी ली। जिला अग्निशाम पदाधिकारी रमेश कुमार ने 4.5 किलोग्राम का कार्बन-डाइऑक्साइड गैस के सिलिडर का प्रयोग कर दिखाया।
उन्होंने कहा कि इस उपकरण से प्रथम श्रेणी की आग को बुझाया जा सकता है, जो घास-फूस या कागज से लगती है। दूसरा उपकरण जो 09 किलोग्राम का था, उसका भी प्रयोग कर बताया। इससे बिजली एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान से लगी आग को बुझायी जाती है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने ईवीएम गोदाम की सुरक्षा में लगे सुरक्षा कर्मियों एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों को इन उपकरणों का प्रयोग करने का प्रशिक्षण देने का निर्देश जिला अग्निशाम पदाधिकारी को दिया। इस अवसर पर उप निर्वाचन पदाधिकारी पुष्कर कुमार सहित निर्वाचन शाखा के सभी कर्मी उपस्थित थे।

Share