
लॉक डाउन का कड़ाई से करवाएं अनुपालन: आईजी।
दरभंगा: मिथिला प्रक्षेत्र के आईजी अजिताभ कुमार ने लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए सभी अधिकारियों को कड़ा निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों को कहा है कि किसी भी हालत में एक भी व्यक्ति को बिना मास्क के सड़क पर ना जानें दें। जो व्यक्ति बिना मास्क के सड़क पर नजर आता है उससे जुर्माना वसूलें।
इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को कहा कि यातायात नियमों का भी शत-प्रतिशत पालन कराया जाए। अक्सर देखा जाता है कि कुछ लोग हेलमेट सिर में नहीं पहनकर गाड़ी में टांगकर चलते हैं। ऐसे लोगों का भी चालान काटा जाए। उन्होंने बताया कि लोगों के पास मास्क तो रहता है, लेकिन वे गले में लटकाकर चलते हैं। इस तरह के लोगों पर भी कार्रवाई करने की जरूरत है। जब तक सभी लोग मास्क लगाकर नहीं चलेंगे, तब तक कोरोना संक्रमण पर रोक नहीं लगायी जा सकती है।
उन्होंने आम लोगों से भी मास्क लगाने की अपील की। उन्होंने मिथिला क्षेत्र के साप्ताहिक आंकड़े के बारे में बताया कि 10 से 16 जुलाई के बीच कुल 212 अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई। एक सप्ताह में दरभंगा में 79, मधुबनी में 61 और समस्तीपुर में 72 आरोपी की गिरफ्तारी हुई है। इसमें 41 शीर्ष नामी अपराधी भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दरभंगा जिले से एक व मधुबनी जिले से चार
आग्नेयास्त्र की बरामदगी हुई है। पिछलेे एक सप्ताह में दरभंगा जिले से चार व मधुबनी जिले से 92 कारतूसों की बरामदगी हुई है। इसके अलावा 27 वाहनों को जब्त किया गया है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से 10 लाख 30 हजार रुपये वसूल किये गये। इसके अलावा मिथिला प्रक्षेत्र में कुल 5248 लीटर विदेशी व 377 लीटर देसी शराब बरामद की गयी।

