
दरभंगा सहित उत्तर बिहार के कई जिलों में भारी वर्षा एवं वज्रपात की संभावना।
दरभंगा: दरभंगा के जिलाधिकारी ने भारी वर्षा, वज्रपात एवं बाढ़ की संभावना को देखते हुए जिलेवासियों से सावधान रहने की अपील की है। शनिवार को जिला सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गयी जानकारी में बताया गया है कि मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट को देखते हुए अगले तीन दिन 18 जुलाई से 72 घंटे तक विशेष सतर्क रहने की जरूरत है। भारी वर्षा एवं वज्रपात की संभावना है। उत्तर बिहार के नेपाल से सटे जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इसके कारण जानमाल की हानि के साथ-साथ निचले स्थान में जल जमाव, यातायात बाधित, बिजली सेवा बाधित, नदी जलस्तर में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इसका मुख्य प्रभाव दरभंगा के साथ-साथ समस्तीपुर, मधुबनी, सुपौल, सीतामढ़ी, अररिया, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया किशनगंज एवं कटिहार में अधिक रहने की संभावना है।

