
इलाज में लापरवाही के कारण जिप सदस्य की मौत के मामले ने तूल पकड़ा, जांच केलिए टीम गठित।
दरभंगा: इलाज में लापरवाही के कारण जिला परिषद सदस्य दिवंगत जमाल अतहर रूमी की मौत के मामले में तूल पकड़ लिया है। सोशल मीडिया एवं मीडिया में डीएमसीएच प्रशासन और डॉक्टरों के विरुद्ध गुस्सा स्प्ष्ट देखा जा रहा है। अब इस मामले में जिला प्रशासन ने संज्ञान लेते हुए जांच टीम गठित कर दिया है।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा मीडिया को दी गयी जानकारी के अनुसार जिला परिषद के सदस्य दिवंगत जमाल अतहर रूमी की मृत्यु पर जिला प्रशासन दरभंगा द्वारा गहरी संवेदना प्रकट की जा रही है। साथ ही मृत्यु से संबंधित घटित घटनाओं को जिला प्रशासन द्वारा गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर जाँच करने हेतु 4 सदस्यीय जाँच टीम का गठन किया गया है। जाँच टीम में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, दरभंगा -सह -डीएमसीएच के प्रशासनिक पदाधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, दरभंगा (एसीएमओ), एसडीओ सदर, दरभंगा एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर,
दरभंगा शामिल हैं। जांच टीम को मृत्यु की घटना के सभी कारणों की जाँच करते हुए अपना प्रतिवेदन 3 दिनों के अंदर समर्पित करने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने कहा है कि घटना से संबंधित अन्य प्रशासनिक कार्रवाई भी की जा रही है।

