
कोरोना संक्रमण एवं पृथ्वी दिवस को लेकर मुख्य सचिव ने अधिकारियों के साथ की ऑनलाइन बैठक।
दरभंगा: कोविड संक्रमण एवं बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर पौधरोपण को लेकर मुख्य सचिव दीपक कुमार ने बुधवार को अधिकारियों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में मुख्य सचिव ने जिला प्रशासन की निगरानी में कंटेनमेंट जोन का संचालन, मास्क का प्रयोग, सोशल डिस्टेंसिंग का अनुपालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान की सराहना की तथा कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए अभियान का और सख्ती से अनुपालन कराने के निर्देश दिये गए।
स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव उदय सिंह कुमावत ने डीएम को अनुमंडल एवं उससे नीचे के स्तर के जांच केंद्रों पर जांच की लगातार निगरानी करते रहने का निर्देश दिया। अस्पतालों के आंतरिक प्रबंधन को दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक कंट्रोल रूम की स्थापना करते हुए डॉक्टरों का रोस्टर तैयार कर तथा इसे जनता के बीच प्रचारित-प्रसारित कर सतत निगरानी करते रहने का भी निर्देश दिया।
ग्रामीण कार्य विभाग के प्रधान सचिव ने बिहार पृथ्वी दिवस के अवसर पर मिशन 2.51 करोड़ पौधरोपण के लक्ष्य को नौ अगस्त तक पूरा करने का निर्देश दिया।
ऑनलाइन बैठक में आयुक्त मयंक बरबड़े, आईजी अजिताभ कुमार, एसएसपी बाबू राम, सिटी एसपी योगेंद्र कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी, डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, नोडल पदाधिकारी, डीपीआरओ राहुल कुमार आदि उपस्थित थे।

