Home Featured सामुदायिक रसोई की संख्या आवश्यकतानुसार बढ़ाकर सभी प्रभावित व्यक्तियों को कराएं भोजन: डीएम।
Featured - मुख्य - July 24, 2020

सामुदायिक रसोई की संख्या आवश्यकतानुसार बढ़ाकर सभी प्रभावित व्यक्तियों को कराएं भोजन: डीएम।

दरभंगा: डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने गुरुवार को कार्यालय प्रकोष्ठ में बाढ़ की स्थिति एवं राहत कार्यों को लेकर पदाधिकारियों के साथ समीक्षात्मक बैठक की। उन्होंने जिले के सभी बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के बीडीओ व सीओ को सामुदायिक रसोई की संख्या आवश्यकतानुसार बढ़ाकर सभी प्रभावित व्यक्तियों को भोजन कराने का निर्देश दिया। इसके साथ ही पॉलीथिन शीट्स वितरण को भी टीम बनाकर पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जहां सामुदायिक रसोई का संचालन नहीं हो सकता वहां सूखा राशन सामग्री लाभुकों के बीच वितरण करना है। मुख्यमंत्री के निर्देश के अनुरूप बाढ़ राहत राशि का वितरण ससमय शुरू करने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का सर्वेक्षण कर प्रतिवेदन जिला आईटी समन्वयक को भेजने का निर्देश दिया गया ताकि राहत राशि का भुगतान प्रक्रिया शीघ्र शुरू किया जा सके। डीएम ने बाढ़ प्रभावित सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों, बीडीओ व सीओ से समस्याओं एवं आवश्यकताओं के बारे में जानकारी लेते हुए आपदा प्रबंधन प्रभारी सत्यम सहाय को इसे दूर करने का निर्देश दिया। वरीय प्रभारी पदाधिकारी, सदर ने कहा कि सदर की प्रभावित पंचायतों में 29 सामुदायिक रसोई शुरू है। कार्यपालक अभियंता को बहादुरपुर में मेकना-वेदा नदी से सड़क किनारे का जलकुंभी हटाने व सिमरा निहालपुर एवं ओझौल पंचायत में तटबंध कटाव की मरम्मत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही सिंहवाड़ा में अतरबेल-विशनपुर में बाढ़ प्रभावितों के पुनर्वास के लिए ऊंचे स्थलों का प्रबंधन एवं उनकी बैरिकेडिंग करने का निर्देश कार्यपालक अभियंता, आरसीडी को दिया गया।
बैठक में डीडीसी डॉ. कारी प्रसाद महतो, अपर समाहर्ता विभूति रंजन चौधरी, सदर एसडीओ राकेश कुमार गुप्ता, डीटीओ रवि कुमार, आपदा प्रभारी सत्यम सहाय, नोडल पदाधिकारी जनसंपर्क राहुल कुमार एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share