
बाढ़ को लेकर प्रशासनिक तैयारियों एवं राहत कार्यों की जिलाधिकारी ने दी जानकारी।
देखिए वीडियो भी।
देखिए वीडियो भी 👆
दरभंगा: शुक्रवार को समाहरणालय परिसर अवस्थित अम्बेदकर सभागार में जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ आपदा को लेकर प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। प्रेसवार्ता में दरभंगा जिले में बाढ़ की स्थिति, प्रशासनिक तैयारियों तथा किये जा रहे राहत कार्यो के सम्बंध में जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम ने विस्तृत जानकारी दी। जिलाधिकारी ने पत्रकारो से भी फीडबैक लिया तथा मिली जानकारी पर त्वरित कारवाई का निर्देश सम्बंधित विभाग एवं अधिकारियों को दिया।
जिलाधिकारी द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार वर्तमान में आठ प्रखण्ड बाढ़ से ज्यादा प्रभावित हैं। इन प्रखंडों के 107 पंचायत प्रभावित हैं। इन पंचायतों में से अबतक 48 पंचायत पूर्णतः एवं 59 पंचायत आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं। गांवों की संख्या के विषय मे बताते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि अभीतक 281 गांव प्रभावित हुए हैं। कुल 83 हजार परिवार अभीतक प्रभावित हुए हैं। यथासंभव इन इलाकों में सबके भोजन की व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर करायी जा रही है। अभीतक 162 जगहों पर सामुदायिक रसोई शुरू किया जा चुका है। जहां कच्चा घर हो पानी चू रहा हो, ऐसे जगहों पर 6290 पॉलिथीन शीट का वितरण किया जा चुका है। कई जगहों पर रसोई शुरू करने का जगह नही मिल पाया, वैसे जगहों पर लगातार फ़ूड पैकेट्स का वितरण किया जा रहा है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में अभी 188 निजी नाव एवं 38 सरकारी नावों का उपयोग किया जा रहा है। इसके अलावा विभिन्न जगहों पर एसडीआरएफ- एनडीआरएफ की टीम तैनात की गयी है जिसमे 12 मोटरबोट एवं 90 लोगों की टीम फिलहाल उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त 15 मोटरबोट भी रिजर्व हैं। जहां पर भी जरूरत है, एनडीआरएफ एवं एसडीआरएफ की टीम को भेजा जा रहा है।
नये क्षेत्रो के विषय मे जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि बागमती का जलस्तर बढ़ने के कारण हनुमान नगर प्रखण्ड भी धीरे धीरे प्रभावित हो रहा है, वहां भी एसडीओ को स्थिति का जायजा लेने राहत कार्य शुरू करवाने का निर्देश दिया गया है। सभी प्रखंडो में वरीय प्रभारियों की नियुक्ति की गयी है। उन्हें प्रखंडो में जाने और आवश्यकतानुसार कम्युनिटी किचन शुरू करवाने एवं राहत कार्यो को चलाने का निर्देश दिया गया है।
बाढ़ को लेकर कंट्रोल रूम की स्थापना की गयी है जिनपर फोन करके लगातार सूचनाएं लोग दे रहे हैं। इसके आलावा जिलाधिकारी के फोन एवं व्हाट्सएप पर मिलने वाली सूचनाओं पर भी कारवाई की जा रही है। खुद जिलाधिकारी भी लगातार विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर रहे
हैं। दरभंगा, मधुबनी एवं सीतामढ़ी के जल अधिग्रहण क्षेत्रों लगातार बारिश के कारण भी नदियों के जलस्तर के बढ़ने की संभावना है।
बाढ़ से हुई मौत के विषय मे बताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि फिलहाल बाढ़ के कारण किसी के मौत की खबर नही है। कहीं कहीं गड्ढे में जमा पानी में चार लोगों के डूबने से मौत हुई है।
पत्रकारो द्वारा दी गयी जानकारी पर हनुमान नगर सिनुआरा ने त्वरित रूप से प्रशासनिक अधिकारियों को भेज कर स्थिति का जायजा लेने और सामुदायिक किचन शुरू करवाने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया। इसके अलावा शहर के वार्ड 8,9 एवं 23 के नये इलाकों में पानी प्रवेश करने के कारण कई परिवारों के शुभंकरपुर मिडिल स्कूल में शरण लेने की सूचना पर जिलाधिकारी ने तुंरन्त उक्त स्थल पर सामुदायिक रसोई शुरू करवाने का निर्देश दिया। लहेरियासराय-समस्तीपुर पथ पर पानी का दवाब बढ़ने की सूचना पर सम्बंधित विभाग को निरीक्षण कर बचाव कार्य करने का निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिया। डीएमसीएच इलाके में जलजमाव पर जिलाधिकारी ने बताया कि भटवा पोखर ओवरफ्लो कर जाने के कारण जल निकासी में समस्या आ रही है, परंतु विभागीय अधिकारी लगातार निदान केलिए प्रयासरत हैं।

