
दरभंगा-समस्तीपुर रेलखंड पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक बंद।
दरभंगा: पूरे बिहार में बाढ़ से तबाही जारी है। प्रदेश में बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित उत्तर बिहार के इलाके हैं। इसी बीच बाढ़ प्रभावित जिले समस्तीपुर और दरभंगा में ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है।
समस्तीपुर दरभंगा रेल खंड पर ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। सीनियर डीसीएम सह मीडिया प्रभारी सरस्वतीचंद्र ने बताया कि हायाघाट के पास बागमती नदी स्थित रेलवे पुल संख्या 16 के गार्डर को पानी ने छू दिया है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए परिचालन को स्थगित किया गया है। वहीं दरभंगा से खुलने वाली ट्रेनों को दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर के रास्ते चलाया गया है। दरभंगा से खुलने वाली बिहार संपर्क
क्रांति, सरयू जमुना, साबरमती एक्सप्रेस, पवन एक्सप्रेस दरभंगा, सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर से होकर जा रही है। वहीं 25 जुलाई से अमृतसर जयनगर, जयनगर अमृतसर व दरभंगा लोकमान्य तिलक पवन एक्सप्रेस को समस्तीपुर से चलाया जाएगा।

