
मेयर ने किया शहर के बाढ़ प्रभावित वार्डों का निरीक्षण।
दरभंगा: महापौर वैजयंती खेड़िया ने रविवार को बाढ़ प्रभावित वार्डों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर के बाढ़ प्रभावित वार्डों का भ्रमण कर लोगों का दुख-दर्द बांटा। मेयर ने कहा कि शुभंकरपुर मिडिल स्कूल में विस्थापित लोग रह रहे हैं। उधर, वार्ड सात में भी जो लोग बांध किनारे बसे हुए हैं उन्हे बंग्लागढ़ स्कूल में शिफ्ट किया गया है।
महापौर ने कहा कि शहर से गुजरने वाली बागमती नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण निचले इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है जिससे लोगों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। मेयर ने लोगों से कहा कि अभी का समय विपरीत है। जहां पूरी दुनिया वैश्विक महामारी कोरोना से परेशान है वहीं दरभंगा सहित आसपास के कई जिलों में बाढ़ ने भी तांडव मचाना शुरू कर दिया है। महापौर ने लोगों को संयम और धैर्य के साथ आपदाओं का सामना करने की सलाह दी।
श्रीमती खेड़िया ने कहा कि अभी के समय में सोशल डिस्टेंसिंग और मास्क का प्रयोग करना अति अनिवार्य है। महापौर ने बाढ़ पीड़ितों को कहा कि सरकारी प्रावधान के अनुसार जो भी सहायता मिलनी चाहिए इसके लिए मैं जिलाधिकारी से बात कर आप लोगों तक शीघ्र पहुंचवाऊंगी। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि भगवान के घर देर है अंधेर नहीं। समय आने पर फिर से परिस्थिति सामान्य हो जाएगी।

