
पुलिस एनकाउंटर में फरार आरोपित को पुलिस ने पकड़ा, सिटी एसपी ने किया पूरे मामले का खुलासा।
देखिये वीडियो भी
देखिये वीडियो भी👆
दरभंगा: बाकरगंज गोलीकांड और पुलिस मुठभेड़ में फरार चल रहे एक आरोपित को पुलिस ने बेंता से गिरफ्तार कर लिया। सोमवार की शाम इसकी पुष्टि सिटी एसपी योगेंद्र कुमार ने की।
अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार जीएनगंज निवासी अभिषेक कुमार उर्फ राहुल साह ने 20 जुलाई को अनुभव झा और आर्यन के साथ मिलकर बाकरगंज में पर अपने किसी दुश्मन पर गोली चलाई थी, पर वह गोली उसे लगी नही थी। अगले ही दिन 21 जुलाई की शाम लहेरियासराय थानाक्षेत्र अंतर्गत सदर एसडीपीओ के आवास के पास खाजासराय में दोनों गुट के बदमाश गैंगवार के लिए पहुंचे थे। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों गुटों ने पुलिस पर फायरिंग की। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की जवाबी कारवाई में बिरौल के परड़ी निवासी अनुभव झा उर्फ विराज को गोली लग गई। हालांकि, पुलिस के संभलने से पहले दोनों गुट के अन्य बदमाश फरार हो चुके थे। इसमें अनुभव के सहयोगी व मुजफ्फरपुर के गायघाट स्थित जारंग निवासी आर्यन को पुलिस ने 24 जुलाई को सैदनगर से दबोचा था। इसके निशानदेही पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसमें अभिषेक कुमार उर्फ राहुल साह को बेंता से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने कई बातों को पुलिस के सामने बताया है।
नगर पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार बदमाश ने स्वीकार किया है कि 20 और 21 जुलाई की घटना में वह शामिल था। आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई में घटना को अंजाम दिया गया था। पुलिस अब इनके गैंग के अन्य सदस्य एवं बड़े प्यादे को पकडऩे के लिए छापेमारी करने में जुटी है। इसमें दोनों गुटों के कई ऐसे बदमाशों का
नाम सामने आया है जो दोनों के गुटों के लिए मरने और मारने पर उतारू रहते हैं। ऐसे लोगों को पुलिस समय रहते गिरफ्तार करने के लिए अलग-अलग टीम बनाई है।
प्रेस वार्ता के दौरान मौके पर सदर एसडीपीओ अनोज कुमार, लहेरियासराय थानाध्यक्ष एचएन सिंह, एएसआई मधु सिंह आदि भी मौजूद थे।

