Home Featured डीएमसीएच के अधीक्षक हुए कोरोना पॉजिटिव, तीन दिन पहले सांसद ने भी की थी मुलाकात।
Featured - मुख्य - July 29, 2020

डीएमसीएच के अधीक्षक हुए कोरोना पॉजिटिव, तीन दिन पहले सांसद ने भी की थी मुलाकात।

दरभंगा: जिले में कोरोना के बढ़ते मरीज के बीच दरभंगा मेडिकल कालेज एंड हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉ. राज रंजन प्रसाद कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं. तीन-चार दिनों से अधीक्षक अस्वस्थ चल रहे थे और मंगलवार को रैपिड एंटिजन किट से उनका सैंपल लिया गया तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. वहीं, कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अधीक्षक ने खुद को होम क्वॉरंटाइन कर लिया है. डॉक्टर के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है. बता दें कि तीन दिन पहले सांसद गोपालजी ठाकुर सहित कई भाजपा नेता उनसे मिलने पहुंचे थे.
मंगलवार को अस्पताल में एंटिजन किट से 81 लोगों की जांच की गई. इसमें अस्पताल अधीक्षक सहित 17 लोग पॉजिटिव आये हैं. अस्पताल में कोरोना वायरस का प्रसार धीरे-धीरे बढ़ रहा है. अभी तक करीब दो दर्जन चिकित्सक और आधा दर्जन से ज्यादा कर्मी कोरोना संक्रमित हो चुके हैं. जिसकी वजह से अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था पर भी बुरा असर पड़ रहा है.
जिले में 22 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद पॉजिटिव मरीज की संख्या बढ़कर 741 हो गयी है. वहीं, पहले के कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से अब तक 501 मरीज कोरोना से जंग जीतकर घर लौट चुके हैं. सरकारी आकड़े के अनुसार जिले में एक्टिव केस की संख्या 230 है. जबकि कोरोना से मरने वाले मरीजों की संख्या 10 है. प्रशासन की ओर से जिलेवासियों से लगातार अपील की जा रही है कि मास्क का उपयोग करते हुए सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें.

Share