Home Featured बाढ़ राहत को लेकर ऑनलाइन बैठक, साहायता राशि हेतु जल्द से जल्द डाटा उपलब्ध कराने का निर्देश।
Featured - मुख्य - July 30, 2020

बाढ़ राहत को लेकर ऑनलाइन बैठक, साहायता राशि हेतु जल्द से जल्द डाटा उपलब्ध कराने का निर्देश।

दरभंगा: बाढ़ राहत कार्य को लेकर आज जिलाधिकारी डॉ त्यागराजन एसएम ने दरभंगा समाहरणालय अवस्थित अंबेडकर भवन सभागार से बाढ़ प्रभावित अंचलों के साथ ऑनलाइन बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी बाढ़ प्रभावित प्रखंडों के अंचलाधिकारियों को जल्द से जल्द बाढ़ प्रभावित परिवारों के डाटा पीएफएमएस के लिए उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि जल्द से जल्द उनके बैंक खाते में ₹6000 सहायता राशि उपलब्ध करायी जा सके।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति छूट जाता है तो उनका नाम बाद में भी जुड़ सकता है, उनके लिए डाटा को रोके नहीं, डाटा को जल्द से जल्द जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराएं। यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो गई है तो उनके जगह उनके नाम की जगह उनके परिजन के नाम ट्रांसफर कर दें। उन्होंने कहा कि पिछले साल भी आपने यह काम किया है। पिछले साल जहाँ पैसा नहीं गया, उन स्थलों का भी पुनः सर्वे करा लिया जाए।
उन्होंने कहा कि जहाँ भी सर्वे हो, सही तरीके से हो, सर्वे करने वाले को प्रातः भेजा जाए और एक पंचायत के लिए केवल एक व्यक्ति को सर्वे पर ना लगाया जाए बल्कि एक -एक गांव के लिए एक -एक आदमी को सर्वे के लिए लगाया जाए। उन्होंने दो- तीन दिनों के अंदर सर्वे का काम पूर्ण कराने का निर्देश सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि जहाँ पानी नहीं आया, जो वार्ड बाढ़ की परिभाषा के अधीन नहीं आता है, तो वहाँ का सर्वे न कराया जाए। जहाँ भी सर्वे कराएं, सही तरीके से कराएं, बगैर किसी दबाव के कराएं, क्योंकि यदि किसी प्रकार की गलती होगी तो संबंधित पदाधिकारी हीं उसके लिए उत्तरदाई माने जाएंगे।
उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों से कहा कि जहाँ भी पशु चारा की जरूरत है, वह अपनी मांग व्हाट्सएप पर कर दें। तत्काल बहादुरपुर एवं हनुमाननगर को कल पशु चारा उपलब्ध कराने के निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया गया। उन्होंने पॉलिथीन का वितरण आवश्यकतानुसार लोगों के बीच करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने अपने अपने क्षेत्र की स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि ऐसी सूचना मिली है कि जले के एक गांव के बीच 20- 25 बाढ़ प्रभावित हुए हैं, वहाँ के प्रभावित परिवारों के लिए सामुदायिक किचेन शुरू करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप विकास आयुक्त डॉ कारी प्रसाद महतो, अपर समाहर्त्ता विभूति रंजन चौधरी सहित तमाम पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share