Home Featured पानी बहाने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर हुआ बवाल।
Featured - मुख्य - August 2, 2020

पानी बहाने के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर हुआ बवाल।

देखिये वीडियो भी👆

दरभंगा: विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के आजमनगर दुर्गा मंदिर के पास रविवार को पानी बहाने के विवाद में जमकर बवाल हुआ। दो पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर जमकर रोड़ेबाजी की। घटना में चार लोगों के जख्मी होने की सूचना है। इस दौरान राहगीरों को भी निशाना बनाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने स्थिति को काबू में किया।

बताया जाता है कि दुर्गा मंदिर के पास सड़क के दक्षिणी भाग स्थित वार्ड छह में पूरी तरह पानी लगा हुआ है। उस पानी का बहाव नाला होकर सड़क के उत्तरी भाग के मोहल्ला वार्ड नंबर पांच में होता था। लेकिन वार्ड नंबर पांच के लोगों ने जलमग्न होने की आशंका को देखते हुए नाले को जाम कर दिया था। इसके कारण वार्ड छह में अधिकतर घरों में कई दिनों से पानी लगा था। इस अवरुद्ध नाले को खोलने को लेकर दोनों वार्ड के लोग सुबह में आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के सैकड़ों महिला, पुरुष एवं बच्चे आपस में भिड़ गए। बात गाली-गलौज से शुरू होकर हाथापाई, लाठी-डंडा होते-होते रोड़ेबाजी तक पहंुच गई। इससे वहां कई घंटों तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। इस दौरान उधर से गुजरने वाले राहगीरों से भी दुर्व्यवहार किया जाने लगा। मामले को शांत कराने पहले पहुंचे विश्वविद्यालय थाने के एक दारोगा को भी लोगों के आक्रोश को देखते हुए पीछे हटना पड़ा। इसके बाद थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह व मब्बी ओपी प्रभारी मनीष कुमार दल-बल के साथ वहां पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने मामले को शांत कराया। तत्काल नाले के अवरुद्ध भाग से अतिक्रमण हटाकर जलनिकासी शुरू करवायी गयी। थानाध्यक्ष पवन कुमार सिंह ने बताया कि लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा लिया गया है। एक या दोनों पक्ष से आवेदन मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

Share