
मुख्य सचिव ने कोरोना को लेकर की ऑनलाइन बैठक, कोविड-19 के जाँच दर को बढ़ाने का निर्देश।
दरभंगा: बिहार सरकार के मुख्य सचिव दीपक कुमार ने कोविड-19 कोरोना को लेकर बुधवार को ऑनलाइन बैठक की। बैठक में उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव से कहा कि कोरोना की जाँच रिपोर्ट में 24 घंटे से ज्यादा नहीं लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि वैसे जिले जिनका पॉजिटिवीटी रेट अधिक है, वहाँ आर.टी.पी.सी.आर. जाँच की दर बढ़ायी जाए। अभी जितना लक्ष्य दिया गया है, उसका तीन गुणा जाँच करायी जाए। उसी लक्ष्य के अनुसार तीन गुणा सेंपल भी कलेक्शन किया जाए।
सभी संबंधित जिलाधिकारी प्रखण्डवार लक्ष्य निर्धारित करें। हर दो दिन के बाद एक दिन आर.टी.पी.सी.आर. जाँच के लिए सैंपल कलेक्ट किया जाए। उन्होंने कहा कि 07 दिनों के अन्दर कंटेनमेंट जोन के अन्दर पड़ने वाले सभी घरों का शत्-प्रतिशत् जांच करा ली जाए।
उल्लेखनीय है कि कंटेनमेंट जोन के अन्दर लगभग 25 घर पड़ते हैं।
उन्होंने कहा कि जो भनरेबुल ग्रुप के लोग हैं, उनके यहाँ स्वास्थ्य कर्मी का प्रतिदिन भ्रमण होना चाहिए। मुख्य सचिव ने प्रधान सचिव, स्वास्थ्य विभाग को इस आदेश को सभी जिलों में शीघ्र लागू कराने के निर्देश दिए।
प्रधान सचिव,स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि वर्त्तमान में प्रतिदिन 04 हजार आर.टी.पी.सी.आर. एवं 4400 ट्रूनेट जाँच कराई जा रही है। रेपिड एंटीजन टेस्ट के लिए किट्स की कोई कमी नहीं है। प्रतिदिन 15 से 20 हजार कोविड-19 की जाँच कराई जा रही है। बड़े जिलों में
आर.टी.पी.सी.आर. की जाँच बढ़ा दी जाएगी।
ऑनलाइन बैठक में स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव प्रत्यय अमृत, दरभंगा प्रमण्डल के आयुक्त दरभंगा मयंक बरवड़े, स्वास्थ्य विभाग के सचिव लोकेश कुमार सिंह, दरभंगा के पुलिस महानिरीक्षक अजिताभ कुमार, जिलाधिकारी डॉ0 त्यागराजन एसएम, सहायक समाहर्त्ता प्रियंका रानी आदि उपस्थित थे।

