
फुलकाही में 13 वर्षीय किशोर की निर्मम हत्या के बाद इलाके में पसरा मातम।
दरभंगा: केवटी में रैयाम थानाक्षेत्र के फुलकाही गांव में शुक्रवार की सुबह होने के साथ कोहराम मच गया। अचानक से लकड़ी रखनेवाले घर में आठवीं कक्षा के छात्र अर्जुन का शव मिला तो उसकी हालत देख सभी परेशान हो गए। आखिर अर्जुन से किसी की क्या दुश्मनी थी। यह जांच का विषय है। लेकिन, हत्या के तरीके को लेकर लोगों में अटकलें तेज हैं। लोगों का कहना था कि जिस तरीके से अर्जुन की हत्या की गई है वह क्रूरता की हद है। घटना के बाद गांव के अधिकांश घरों में चूल्हे नहीं जले। सबकी जुबान पर एक ही बात थी कि आखिर इस तरीके से एक किशोर की हत्या वह भी उसी के गांव में कौन कर सकता है।
अर्जुन के घर से करीब 110 मीटर की दूरी पर स्व.जयनारायण झा का जलावन घर है। सुबह उनकी पत्नी ने जैसे ही जलावन घर खोला उनके होश उड़ गए। उन्होंने अर्जुन के शव की हालत को देखने के साथ पैर पीछे खींचा और भागते हुए गांव के लोगों तक यह बात पहुंचाई। फिर क्या था पूरे गांव में कोहराम मच गया। जो जहां था। वहीं से दौड़ता हुआ मौका-ए-वारदात पर पहुंचा। शव की हालत देखने के साथ लोगों का गुस्सा भड़क गया। इस बीच पहुंची पुलिस को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। गांव के लोगों को जब सदर एसडीपीओ ने बताया कि न्याय होगा तो जाकर लोग माने। मां की चीत्कार से गांव के लोगों में सन्नाटा अर्जुन का शव जैसे ही गांव में मिला कि मां पूनम देवी छाती पीट – पीट कर दहाड़ मारकर रोने लगी। उनके चीत्कार से गांव में सन्नाटा पसर गया। वह लगातार बेहोश हो रहीं थी। जब भी होश आता चीत्कार मार कहने लगतीं- कहां गेलै रे हमर श्रवण बेटा। केकरा कि हम बिगार लैय छलियो यो कि आय हमर बेटा के छिन लैल कैय यो। बहन कंचन व रौशनी एवं फुआ भोली देवी फूटफूट कर रो रही थी।
अर्जुन अपने माता- पिता की तीन संतानों दो बहनों के बाद छोटा व इकलौता पुत्र था । वह गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोरियानी में आठवीं कक्षा का छात्र था। इधर गांव के लोग भी इस जधन्य घटना से काफी मर्माहत है। सबने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

